यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर, दो बदमाश ढेर, दोनों ने महिलाओं के साथ…

Neeraj Jadaun SSP IPS (1) (1)

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी नीरज कुमार जादौन (IANS)

The Hindi Post

यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर, दो बदमाश ढेर, दोनों ने महिलाओं के साथ…

 

अलीगढ़ | यूपी के अलीगढ़ के अतरौली इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो आरोपी रजा मोहम्मद और मुबीन ढेर हो गए. इस कार्रवाई के दौरान दो कांस्टेबल भी घायल हुए हैं. आरोपियों ने महिलाओं के साथ लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया था.

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पत्रकारों से कहा कि बीते रविवार, 17 मई को मडराक थाना क्षेत्र के एक गांव में सुबह लगभग 10 बजे दो बदमाशों ने हथियार के बल पर 10 महिलाओं के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसके बाद आरोपियों ने 21 मई को गोंडा थाना क्षेत्र, अतरौली थाना क्षेत्र और छर्रा थाना क्षेत्र में लगभग छह महिलाओं के साथ फिर लूटपाट की थी.

उन्होंने बताया कि जब से ये घटनाएं हो रही थीं, तभी से हमारी टीम सक्रिय थी. बुलंदशहर सीमा पर जितनी भी सड़कें और कच्चे रास्ते थे, हर जगह हमारी टीम सक्रिय थी. जो कैमरे खराब थे, उन्हें भी ठीक करा लिया गया था. पुलिस को सूचना मिली कि ये गोंडा थाना क्षेत्र में हैं. पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और फायरिंग करते हुए वहां से भाग गए.

एसएसपी ने बताया कि हमारी टीम फिर से सक्रिय हो गई. तभी लगभग 3:30 बजे डायल 112 पर जानकारी मिली कि अतरौली थाना क्षेत्र के मंडोली गांव में तमंचे के बल पर कुंडल लूटे गए हैं. जानकारी मिलते ही नाकाबंदी की गई. मंडोली चौकी क्षेत्र में आरोपियों ने आम के बाग में छिपकर लगातार फायरिंग की. पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया. आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस की गाड़ी पर गोली लगी और दो सिपाही घायल हो गए.

एसएसपी ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की. इस दौरान दोनों बदमाशों को गोली लगी. उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

एसएसपी ने बताया कि मामला सामने आने के बाद से हमारी टीम लगातार लगी हुई थी. पुलिस को कुछ फुटेज भी मिले थे. 21 मई की रात को मैंने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. बदमाश रजा मोहम्मद के खिलाफ 40 मामले दर्ज थे. वह काफी समय से सक्रिय था. हापुड़, अमरोहा, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर और अन्य जनपदों में उसने घटनाओं को अंजाम दिया था.

एसएसपी ने दूसरे बदमाश मुबीन के बारे में बताया कि वह बुलंदशहर का रहने वाला था. उसके खिलाफ भी 27 मुकदमे दर्ज थे. विभिन्न थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ 18 लूट के मामले दर्ज थे.

एसएसपी ने बताया कि बदमाश रजा मोहम्मद ने नोएडा में लूट की घटना के दौरान एक महिला के साथ दुष्कर्म भी किया था. पुलिस पर फायरिंग के मामले में उसे जेल भेजा गया था. बीते महीने के आखिरी सप्ताह में रजा मोहम्मद जेल से छूटा था.

 

यूपी : पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, महिलाओं के साथ लूटपाट की घटना के दिया था अंजाम

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!