राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को दी नई धमकी, “ईरान के पास सिर्फ …..”
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को दी नई धमकी, “ईरान के पास सिर्फ …..”
वाशिंगटन | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कड़ा रुख दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि ईरान के साथ अब आत्मसमर्पण के अलावा और कोई समझौता नहीं होगा.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म – ट्रुथ सोशल पर एक बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि यदि ईरान आत्मसमर्पण करता है और वहां ‘स्वीकार्य और मजबूत नेतृत्व’ का चयन होता है तो अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान की अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने में मदद करेंगे. उन्होंने अपने प्रसिद्ध नारे की तर्ज पर कहा कि ‘ईरान का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है, ‘मेक ईरान ग्रेट अगेन.’
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान अब बातचीत करना चाहता है. “वे फोन कर रहे हैं और पूछ रहे हैं कि समझौता कैसे किया जाए. मैंने उनसे कहा कि आप थोड़ा देर से आए हैं (अब देर हो गई है).
ट्रंप ने कहा कि भारी सैन्य नुकसान झेलने के बाद ईरान अब बातचीत का मन बना रहा है. संयुक्त सैन्य अभियान उम्मीद से ज्यादा तेजी से आगे बढ़ रहा है और ईरानी सेना को भारी नुकसान पहुंचा चुका है. अमेरिका और इजरायल की सेनाएं तेहरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं को निशाना बनाकर लगातार हमले कर रही हैं. अमेरिका और उसके सहयोगी देश तेजी से ईरान की सैन्य ताकत को कमजोर कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान ईरान की नौसेना को भी भारी नुकसान हुआ है. ट्रंप ने दावा किया कि तीन दिनों में ईरान के 24 जहाज नष्ट कर दिए गए. अमेरिकी सेना ने ईरान की वायु रक्षा प्रणाली और विमानन क्षमता का बड़ा हिस्सा खत्म कर दिया है. उनके एंटी-एयरक्राफ्ट हथियार खत्म हो चुके हैं. इसलिए उनके पास एयरफोर्स नहीं है, उनके पास कोई एयर डिफेंस नहीं है. ईरान की करीब 60 प्रतिशत मिसाइल प्रणाली और 64 प्रतिशत लॉन्चर पहले ही नष्ट किया जा चुके है.
उन्होंने कहा, “मैं एक बार फिर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड, मिलिट्री और पुलिस के सभी सदस्यों से हथियार डालने की अपील कर रहा हूं.”
