यूपी: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, लखनऊ-प्रयागराज समेत चार शहरों के कमिश्नर बदले

IPS TRANSFER

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

यूपी: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, लखनऊ-प्रयागराज समेत चार शहरों के कमिश्नर बदले

 

लखनऊ | प्रदेश सरकार ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादका कर दिया. इस फेरबदल में लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त समेत कई महत्वपूर्ण जोन, मुख्यालय और विशेष इकाइयों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. तबादला आदेश के अनुसार, गोरखपुर जोन के पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक रहे मथुरा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, उत्तर प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ बनाया गया है.

वहीं, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) नियुक्त किया गया है. उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. अपर पुलिस महानिदेशक (लॉजिस्टिक्स) राम कुमार को गोरखपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि तकनीकी सेवाएं संभाल रहे नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है. वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है.

अभिसूचना विभाग में तैनात एडीजी भगवान एस. श्रीवास्तव को तकनीकी सेवाओं का दायित्व सौंपा गया है. वहीं, एडीजी पुलिस मुख्यालय डॉ. संजीव गुप्ता को पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है. इसके अलावा, होमगार्ड्स के पुलिस महानिरीक्षक धर्मवीर को पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.

गृह विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत मोहित गुप्ता को भ्रष्टाचार निवारण संगठन का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है. डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को विशेष जांच का आईजी बनाया गया है. प्रयागराज के पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार को पीटीएस, मुरादाबाद का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है. वहीं, भ्रष्टाचार निवारण संगठन के आईजी आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को गृह विभाग का सचिव बनाया गया है.

इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय से संबद्ध पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) में पुलिस अधीक्षक तथा आनंद कुमार को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में लोक शिकायत प्रकोष्ठ का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

 

यूपी में 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर


The Hindi Post
error: Content is protected !!