वेनेज़ुएला और ईरान के बाद ट्रंप का अगला ‘टारगेट’ होगा यह देश, अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया बड़ा बयान
फोटो: आईएएनएस
वेनेज़ुएला और ईरान के बाद ट्रंप का अगला ‘टारगेट’ होगा यह देश, अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया बड़ा बयान
फ्लोरिडा (अमेरिका) के मियामी में आयोजित ‘फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव’ सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया. शुक्रवार को हुए सम्मलेन में हिस्सा लेते हुए उन्होंने क्यूबा (यह उत्तरी कैरिबियन में स्थित एक द्वीपीय देश है) का नाम लिया.
क्यूबा को अगली चेतावनी
वेनेजुएला और ईरान पर सैन्य कार्रवाई के बाद ट्रंप ने अब क्यूबा को सीधी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, “अगला नंबर क्यूबा का है लेकिन कृपया दिखावा करें कि मैंने ऐसा नहीं कहा. मीडिया, कृपया इस बयान पर ध्यान न दें. बहुत-बहुत धन्यवाद, वैसे अगला (नंबर) क्यूबा (का) ही है.” इससे पहले भी ट्रंप कह चुके हैं कि क्यूबा “बहुत जल्द गिर जाएगा” लेकिन अभी उनका पूरा ध्यान ईरान पर है.
वेनेजुएला और ईरान में जारी संघर्ष
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेना ने 3 जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को जबरन हिरासत में ले लिया था. इसके अलावा, 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर बड़े हमले कर रहे हैं और सैन्य संघर्ष अभी भी जारी हैं. क्यूबा पहले से ही दशकों पुराने अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण गंभीर आर्थिक और ऊर्जा संकट झेल रहा है. संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि क्यूबा में ईंधन की कमी मानवीय संकट पैदा कर रही है.
नाटो (NATO) पर तीखा हमला
ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन ‘नाटो’ की भी कड़ी आलोचना की. उन्होंने नाटो को एक “कागजी शेर” (Paper Tiger) करार देते हुए कहा कि जब अमेरिका को जरूरत थी तब सहयोगियों (सहयोगी देशों) ने उसका साथ नहीं दिया. ट्रंप ने सवाल उठाया, “अगर वे हमारे लिए (साथ) खड़े नहीं हो सकते, तो हम उनके लिए क्यों उपलब्ध होंगे?”
यूरोपीय नेताओं पर तंज
ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य यूरोपीय नेताओं के साथ हुई अपनी बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद मदद की पेशकश का कोई मतलब नहीं है. मैक्रों का उदाहरण देते हुए ट्रंप ने कहा, “उन्होंने मुझसे कहा कि युद्ध खत्म होते ही हम जहाज भेजेंगे. मैंने कहा, मुझे युद्ध खत्म होने के बाद उनकी जरूरत नहीं है.”
Hindi Post Dot In
