तकनीकी खराबी आने के बाद इंडिगो फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

IGI Airport (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे नंबर 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ लगाई गई, क्या है पूरा मामला ?

 

नई दिल्ली | विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है. हालांकि समय रहते यह लैंडिंग हो गई और बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पुलिस के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही थी. इसी दौरान इंजन फेल जैसी स्थिति उत्पन्न हुई. गनीमत रही कि इंडिगो की यह फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड हो गई.

दमकल विभाग के मुताबिक, सभी यात्री सुरक्षित हैं और कोई हानि नहीं हुई है. दमकल को 10.53 बजे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिली थी. इसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गई. बाद में फ्लाइट सकुशल लैंड कराई गई.

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो फ्लाइट 6E 579 विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही थी. फ्लाइट जब दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी तभी इमरजेंसी की कॉल मिली. इसके बाद 10:39 बजे इमरजेंसी लागू कर दी गई और फ्लाइट ने 10:53 बजे सकुशल लैंडिंग की. फ्लाइट में 161 यात्री सवार थे. सभी को सुरक्षित उतार लिया गया है.

इंडिगो प्रवक्ता ने बताया, “28 मार्च, 2026 को विशाखापट्टनम से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 में लैंडिंग से ठीक पहले एक तकनीकी खराबी पाई गई. एहतियाती कदम के तौर पर और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, पायलटों ने प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग का अनुरोध किया और विमान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली पर सुरक्षित रूप से उतर गया. सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और विमान की आवश्यक जांच और मेंटेनेंस की जा रही है. इंडिगो में हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.”

 

तकनीकी खराबी आने के बाद इंडिगो फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग (IANS)


The Hindi Post
error: Content is protected !!