दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी श्रद्धालुओं की कार, 6 की मौत
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक वाहन नदी में जा गिरा जिसकी वजह से छह लोगों की जान चली गई.
धारचूला-लिपुलेख मोटर मार्ग पर मंगलवार देर शाम को गर्बाधार के समीप यात्री वाहन 500 मीटर नीचे काली नदी में जा गिरा. वाहन में चालक सहित छह यात्री सवार थे. भारी बारिश के चलते यात्रियों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका. जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है वहां बेहद खतरनाक चट्टानी खाई है.
पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) लोकेश्वर सिंह ने PTI को बताया कि घटना मंगलवार देर शाम धारचूला-लिपुलेख मार्ग पर हुई जब वाहन में सवार यात्री आदि कैलाश के दर्शन करके लौट रहे थे.
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. SDRF एवं अन्य एजेंसियों को मौके पर रवाना किया गया लेकिन बरसात और मौसम खराब होने के चलते रेस्क्यू कार्य में बाधा आई.
एसपी लोकेश्वर सिंह के अनुसार, यात्रियों को रेस्क्यू करने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भेजी गई थी लेकिन बारिश और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य नहीं हो सका. पहाड़ी से पत्थर गिरने से भी बाधा पहुंची. उन्होंने बताया मृतकों में दो लोग बेंगलुरु से, दो तेलंगाना से और दो उत्तराखंड से है.
=====================================================
