कैदी ने पुलिस वैन के अंदर से किया फेसबुक लाइव, अपने विरोधी को बकी गालियां, सब कुछ हुआ पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में, वीडियो हुआ वायरल

Kartoos Yadav (1)
The Hindi Post

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जो आपको हैरान कर देगी. यहां पुलिस की सुरक्षा में पेशी पर ले जाए जा रहे एक कैदी ने फेसबुक लाइव कर डाला. इस लाइव वीडियो में उसने अपने विरोधियों को धमकी दी. उसको गाली देते हुए भी सुना जा सकता है.

इस फेसबुक लाइव का वीडियो जब वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी ने उस वक्त ड्यूटी पर मौजूद रहे सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.

बता दे कि 21 अक्टूबर को पुलिस अभिरक्षा में एसआई शशांक देव, हेड कॉन्स्टेबल अरविंद आर्या, कोशलेंद्र मिश्रा और कॉन्स्टेबल कमलेश कुमार वज्र वाहन से जेल के बंदी लोकेंद्र उर्फ कारतूस यादव को कोर्ट में पेशी के लिए हमीरपुर लेकर जा रहे थे.

कैदी के पास पहले से स्मार्टफोन था. उसने इसी का प्रयोग करते हुए फेसबुक पर लाइव कर डाला.

लोकेंद्र उर्फ कारतूस यादव गैर इरादतन हत्या के प्रयास के मामले में महोबा जेल में बंद है. इसके ऊपर पनवाड़ी थाना में साल 2021 से यह मामला दर्ज है. जब इसे पेसी के लिए कोर्ट ले जाया जा रहा था तो कैदी ने पुलिस के ही सामने यह हरकत कर डाली.

बात जब पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता तक पहुंची तो उन्होंने उस समय ड्यूटी पर मौजूद रहे सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.

अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम ने बताया कि सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी पुलिस अभिरक्षा में अपने दुश्मनों को गाली-धमकी दे रहा है. फेसबुक लाइव करके ये वीडियो वायरल किया गया है. ड्यूटी पर रहे सभी पुलिसकर्मियों की लापरवाही मानते हुए निलंबित कर दिया गया है. बंदी लोकेद्र उर्फ कारतूस यादव के खिलाफ शहर कोतवाली में धारा 507 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Hindi Post Web Desk

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!