डिजिटल अरेस्ट कर व्यवसायी से 58 करोड़ की ठगी, मचा हड़कंप

Digital Arrest 2 (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

डिजिटल अरेस्ट कर व्यवसायी से 58 करोड़ की ठगी, मचा हड़कंप……

 

मुंबई । महाराष्ट्र में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जालसाजों ने खुद को सीबीआई और ईडी के अधिकारी बताकर एक 72 वर्षीय व्यवसायी से 58 करोड़ रुपए की ठगी कर डाली. इस मामले में महाराष्ट्र साइबर विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

साइबर अधिकारियों के अनुसार, यह ठगी 19 अगस्त से 8 अक्टूबर के बीच हुई. जालसाजों ने व्यवसायी और उनकी पत्नी से संपर्क कर दावा किया कि उनका नाम मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में सामने आया है. इसके बाद आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए दोनों को डिजिटल अरेस्ट कर लिया और उनसे पैसे वसूलने लगे.

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि अगर वह जांच में सहयोग करते हुए उनकी बताई प्रक्रिया का पालन करेंगे तो उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी. इसी डर और भ्रम में आकर व्यवसायी ने करीब दो महीनों के भीतर आरटीजीएस के माध्यम से 58 करोड़ रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए. जब पीड़ित को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है तो उन्होंने तुरंत महाराष्ट्र साइबर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई.

साइबर विभाग के अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया गया जिसमें पता चला कि ठगी की रकम कम से कम 18 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी. पुलिस ने संबंधित बैंकों से तुरंत संपर्क कर इन खातों को ‘फ्रीज’ करने का अनुरोध किया ताकि रकम को आगे ट्रांसफर न किया जा सके.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.

जांच के दौरान पुलिस ने अब्दुल खुल्ली (47), अर्जुन कड़वासरा (55) और जेठाराम (35) को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं जो देशभर में बुजुर्ग व्यवसायियों और उच्च आय वर्ग के लोगों को निशाना बनाकर ठगी कर रहे थे.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!