इस तरह से सौंपा गया तहव्वुर राणा भारतीय एजेंसी को…. तस्वीर आई सामने
26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा अब भारत में हैं. एनआईए कोर्ट ने उसे 18 दिनों की कस्टडी में भेज दिया है. इस दौरान मुंबई हमले से जुड़े तमाम पहलुओं पर एनआईए राणा से पूछताछ करेगी. इस बीच तहव्वुर राणा की दो तस्वीरें सामने आई है. ये तस्वीरें अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस की ओर से जारी की गई है. कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ये तस्वीरें मंगलवार को ली गई है जिसमें अमेरिकी मार्शल्स तहव्वुर राणा की हिरासत भारत के विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों को सौंपते नजर आ रहे हैं.
तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण भारत के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. हालांकि इस पर राजनीति भी तेज हो गई है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर इसे मोदी सरकार की कूटनीतिक प्रयासों का परिणाम बता रहे हैं जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने इसका क्रेडिट यूपीए सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए प्रत्यर्पण के प्रयासों को दिया.
गौरतलब है कि तहव्वुर राणा को एनआईए हेडक्वार्टर के ग्राउंड फ्लोर पर बने सेल में रखा गया है. इस कमरे के ठीक ऊपर तीसरे फ्लोर पर इंटेरोगेशन रूम है. इसी रूम में एनआईए तहव्वुर राणा से पूछताछ करेगी जिसकी डेली रिपोर्ट मेंबर्स को भेजी जाएगी.


