बेखौफ नाबालिगों ने युवक को हंसियों से किया लहूलुहान, रहम की भीख मांगे जाने पर भी नहीं रुके, वारदात का बनाया वीडियो और किया वायरल
युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने का वीडियो भी सामने आया / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
बेहद खौफनाक: वो रोकता रहा पर वो रुके नहीं….., खून से लथपथ शख्स पर हमला करते रहे नाबालिग, विक्ट्री साइन दिखाकर बनाया VIDEO
चेन्नई । पिछले दिनों तिरुवल्लूर जिले के तिरुट्टानी रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था. हमला बहुत ही बर्बर तरीके से हुआ था. इस वारदात को अंजाम देने वाले चार नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
आरोपियों ने कथित तौर पर नशे की हालत में युवक पर हमला किया था. उन्होंने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया था. जब इससे भी मन नहीं भरा तो उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी सूरज (34) के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना तिरुट्टानी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्वार्टर के नजदीक हुई.
राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सूरज को बचाया. पीड़ित को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसे आगे के इलाज के लिए तिरुवल्लूर सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
प्रारंभिक जांच में पता चला कि सभी आरोपी तिरुट्टानी के पास नेमिली के निवासी हैं. घटना के समय सभी आरोपी शराब के नशे में थे.
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों की पीड़ित से तिरुट्टानी जाने वाली ट्रेन में पहली बार मुलाकात हुई थी. ट्रेन में सफर के दौरान, नाबालिग आरोपियों ने युवक की गर्दन पर कथित तौर पर चाकू रखकर उसे धमकाया था. इस घटना का वीडियो फोन पर रिकॉर्ड किया गया था.
ट्रेन से उतरने के बाद, आरोपी कथित तौर पर सूरज को रेलवे क्वार्टर के पास एक सुनसान जगह ले गए जहां उन्होंने उस पर हंसिया से हमला किया.
जांचकर्ताओं ने बताया कि हमला “जानलेवा इरादे” से किया गया प्रतीत होता है. हमलावरों ने कथित तौर पर पूरी घटना को रिकॉर्ड किया और बाद में उसे इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर वायरल कर दिया.
जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जिससे संदिग्धों की पहचान उजागर हो गई.
चारों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया गया और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया.
IANS/Hindi Post Web Desk
