Wednesday, 25 November 2026
राज्य

बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा खुलासा, बताया किसकी सलाह पर छोड़ी थी TMC और ज्वाइन की थी बीजेपी

The Hindi Post

बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा खुलासा, बताया किसकी सलाह पर छोड़ी थी TMC और ज्वाइन की थी बीजेपी

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लेकर बड़ा दावा किया है. मंगलवार को कोलकाता में आयोजित ‘द इकोनॉमिक टाइम्स बंगाल एसेंड्स समिट’ में उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में हुई एक मुलाकात के दौरान उन्हें तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ने की सलाह दी थी.

शुभेंदु अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी को अपना गार्जियन और सलाहकार बताते हुए कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने उनसे पूछा था कि वह आगे क्या करना चाहते हैं. “मुखर्जी ने कहा था कि यदि कर्मचारी बनकर रहना है तो यहीं (तृणमूल कांग्रेस) रहो, लेकिन अपने दम पर आगे बढ़ना है तो मोदी जी के साथ रहो.

अधिकारी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने TMC की तुलना एक कंपनी से करते हुए उसे बुआ-भतीजे (ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी) की जोड़ी वाली पार्टी बताया था जहां एक मैनेजिंग चेयरमैन और एक मैनेजिंग डायरेक्टर की तरह व्यवस्था चलती है. हालांकि, अधिकारी ने इस बातचीत की तारीख बताने से इनकार करते हुए कहा कि दिवंगत नेता से जुड़े इस मामले पर अनावश्यक विवाद न हो, इसलिए वह इससे ज्यादा कुछ नहीं बोलेंगे.

राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो शुभेंदु अधिकारी TMC के शुरुआती नेताओं में से रहे हैं और नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन से उभरे थे. वह 2009 और 2014 में तमलुक से सांसद बने थे तथा 2016 में नंदीग्राम से विधायक बनकर ममता सरकार में मंत्री बने थे. पार्टी नेतृत्व से मतभेद के बाद उन्होंने नवंबर 2020 में मंत्री पद व TMC से इस्तीफा दे दिया था और 19 दिसंबर 2020 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे. 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम से ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था और नेता प्रतिपक्ष बने थे.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!