कानपुर में बेकाबू थार का कहर, स्कूटर सवार वृद्ध को 30 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

kanpur_accident_night_50kb
The Hindi Post

कानपुर में बेकाबू थार का कहर, स्कूटर सवार वृद्ध को 30 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

 

कानपुर | कानपुर शहर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार को आवास विकास-3 इलाके में अनियंत्रित थार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटर सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार को थार करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई. एक मकान के बाहर बने गार्डन के पिलर से टकराने के बाद थार रुकी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय थार को एक महिला चला रही थी. गाड़ी में दो युवतियां भी सवार थीं. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार थार ने सबसे पहले स्कूटर सवार वृद्ध को अपनी चपेट में लिया. इसके बाद स्कूटर समेत उन्हें काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई. आखिरकार थार एक मकान के बाहर बने गार्डन के पिलर से टकराकर रुक गई. हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि थार में सवार दोनों युवतियां नशे की हालत में दिखाई दे रही थीं. हादसे के बाद दोनों युवतियां मौके से उतरकर दूसरी कार में बैठीं और वहां से चली गईं. थार के आगे के शीशे पर ‘राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (भानू)’ और पीछे ‘कृष्णा ग्रुप’ लिखा हुआ था. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.

हादसे की सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन जीपीएस लोकेटर की मदद से घटनास्थल पर पहुंचे. इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी बहस भी हो गई. परिजनों में हादसे को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिला.

पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा. साथ ही घटनास्थल और वाहन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!