दिवाली के दिन बड़ा हादसा: कानपुर में मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
AI GENERATED PHOTO
दिवाली के दिन बड़ा हादसा: कानपुर में मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कानपुर | कानपुर के पनकी पड़ाव इलाके में रविवार सुबह करीब 8:00 बजे एक पुराने मकान की कच्ची छत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में 60 वर्षीय विनोदनी शुक्ला, उनकी 28 वर्षीय बहू अंशिका शुक्ला और महज 21 दिन का नवजात पोता आरव शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, करीब 35 साल पुराना यह मकान एक मंजिला था. रविवार सुबह परिवार के सदस्य कमरे में मौजूद थे तभी अचानक छत भरभराकर नीचे आ गिरी. हादसा इतना अप्रत्याशित था कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने या भागने का कोई मौका नहीं मिला और सभी भारी मलबे के नीचे दब गए.
छत गिरने की जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय निवासियों और पुलिस ने मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला. आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग महिला, उनकी बहू और नवजात शिशु को मृत घोषित कर दिया.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया, “सुबह करीब 8 बजे थाना पनकी क्षेत्रांतर्गत पनकी पड़ाव में एक मकान की छत गिरने से एक बुजुर्ग महिला, एक महिला एवं एक नवजात शिशु की मलबे में दबकर दुखद मृत्यु हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया गया. तीनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने की कार्रवाई की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मकान की छत कच्ची होने तथा पानी के रिसाव के कारण कमजोर होकर गिरने की आशंका प्रतीत हो रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
