पॉश इलाके में इस बिज़नेस की आड़ में हो रहा था देह का व्यापार, 18 साल की लड़की…
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
पॉश इलाके में इस बिज़नेस की आड़ में हो रहा था देह का व्यापार, 18 साल की लड़की…
मुंबई | मुंबई के पवई स्थित पॉश हिरानंदानी गार्डन इलाके में मसाज सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पवई प्लाजा स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर 18 वर्षीय युवती को मुक्त कराया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर की मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस देह व्यापार के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पवई पुलिस को सूचना मिली थी कि हिरानंदानी गार्डन इलाके के पवई प्लाजा स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में देह व्यापार का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले मामले की पुष्टि करने की योजना बनाई। इसके लिए एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर में भेजा गया।
फर्जी ग्राहक के स्पा सेंटर पहुंचने पर उसकी मुलाकात वहां मौजूद मैनेजर से हुई। उसने मैनेजर से मसाज सर्विस के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि इस दौरान मैनेजर ने मसाज के लिए 2 हजार रुपए और शारीरिक संबंध बनाने के लिए अतिरिक्त 3 हजार रुपए की मांग की। इस तरह कुल 5 हजार रुपए में सेवाएं देने की बात कही गई।
इसके बाद मैनेजर ने एक युवती को फर्जी ग्राहक के साथ कमरे में भेज दिया। पुलिस की पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, फर्जी ग्राहक ने तत्काल टीम को संकेत दे दिया। संकेत मिलते ही पहले से तैयार पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मार दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 वर्षीय युवती को मुक्त कराया। पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की और महिला सुधार गृह भेज दिया। इसके साथ ही स्पा सेंटर में कथित अवैध गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए गए।
इस मामले में पुलिस ने भारती नाम की मैनेजर के खिलाफ संबंधित कानून के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
BY IANS
मुंबई के पॉश हिरानंदानी गार्डन में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 18 वर्षीय युवती को कराया मुक्त
