589 विकेट ले चुके खिलाड़ी का निधन, सचिन तेंदुलकर ने श्रद्धांजलि अर्पित की
मुंबई |दिग्गज भारतीय क्रिकेटर पद्माकर शिवालकर का सोमवार को निधन हो गया था. वह 84 साल के थे. आज यानि मंगलवार को पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
तेंदुलकर ने एक्स पर पोस्ट किया, “पैडी सर एक बेहतरीन और शानदार इंसान थे. मैं 13 साल का था जब मुझे कुछ मौकों पर नेट्स (शिवजी पार्क) में उनका सामना करने का मौका मिला. उनकी सहज क्रिया और लय देखने लायक थी. उन्हें हमेशा याद किया जाएगा. उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना.”
वही टीम इंडिया ने पद्माकर शिवालकर के सम्मान में काली पट्टी पहन कर ऑस्ट्रेलिया (चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला) के खिलाफ मैच खेला. काली पट्टी पहन कर टीम इंडिया ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
पद्माकर शिवालकर 84 वर्ष के थे. उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक माना जाता था. पर वह कभी राष्ट्रीय टीम में नहीं खेले.
14 सितंबर, 1940 को जन्मे शिवालकर बाएं हाथ के स्पिनर थे. उनका करियर दो दशक लंबा था. उन्होंने 50 साल की उम्र में संन्यास लिया था.

शिवालकर कभी भारतीय टीम में नहीं चुने गए थे.
शिवालकर, जिन्हें मुंबई क्रिकेट में पैडी सर के नाम से जाना जाता थे, ने 124 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 19.69 की औसत से 589 विकेट लिए थे. उन्होंने 43 बार पांच विकेट लिए थे. 13 मौकों पर एक मैच में 10 विकेट लिए थे और 1972-73 के रणजी ट्रॉफी सीजन में तमिलनाडु के खिलाफ 8-16 का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया था. घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है.
2016 में, शिवालकर को सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था, जो किसी पूर्व खिलाड़ी को बीसीसीआई द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है.
