“…ऐसी महिलाओं को गैंगरेप पसंद है”, आरएसएस से जुड़े नेता के भड़काऊ बयान से बवाल, क्या बोला संघ ?
“…ऐसी महिलाओं को गैंगरेप पसंद है”, आरएसएस से जुड़े नेता के भड़काऊ बयान से बवाल, क्या बोला संघ ?
केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे टीजी मोहनदास के एक विवादित बयान पर भारी बवाल हो गया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले युवाओं और महिलाओं पर दिए गए उनके अत्यंत आपत्तिजनक बयान की संघ ने कड़े शब्दों में निंदा की है और खुद को उनके विचारों से पूरी तरह अलग कर लिया है.
प्रदर्शनकारियों और महिलाओं पर की अभद्र टिप्पणी
विवाद की शुरुआत मोहनदास द्वारा अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से हुई. उन्होंने कहा कि यदि उनके पास अधिकार होता तो वह जंतर-मंतर के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में कर्फ्यू लगाकर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश दे देते. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों की मौत के बाद स्थिति तुरंत सामान्य हो जाती और फिर वह शवों को अस्पताल पहुंचाते.
बात यहीं खत्म नहीं हुई. मोहनदास ने आंदोलन में शामिल महिलाओं के लिए भी बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी महिलाओं को सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) से भी फर्क नहीं पड़ता क्योंकि वे ऐसी मानसिकता की पक्षधर हैं. इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने राज्य पुलिस प्रमुख के पास शिकायत दर्ज कराई.
आरएसएस ने किया किनारा
बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरएसएस के दक्षिण केरल प्रांत सह-कार्यवाह के.बी. श्रीकुमार ने स्पष्ट किया कि मोहनदास की टिप्पणियां उनकी व्यक्तिगत राय हैं और संगठन का इनसे कोई लेना-देना नहीं है. श्रीकुमार ने कहा, “मोहनदास वर्तमान में आरएसएस के किसी भी स्तर पर पदाधिकारी नहीं हैं. संगठन उनके विचारों का बिल्कुल समर्थन नहीं करता और ऐसे बयानों की कठोरतम शब्दों में भर्त्सना करता है.”
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, मोहनदास भाजपा के बौद्धिक प्रकोष्ठ (इंटेलेक्चुअल सेल) के प्रदेश संयोजक है.
Kochi, Keralam: DYFI held a protest outside BJP State Intellectual Cell head T G Mohandas’ residence over his remarks against students and women who participated in the Jantar Mantar protest. Activists demanded a condemnation and symbolically slapped his effigy pic.twitter.com/DzotV7Bk4n
— IANS (@ians_india) July 28, 2026
केरल सरकार ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल सरकार ने टी जी मोहनदास के कथित नफरत भरे भाषण की पुलिस जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. पुलिस को उनके बयानों की गहन जांच कर जल्द से जल्द सरकार को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने मोहनदास के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
Hindi Post Dot In
टी जी मोहनदास के विवादित बयान से संघ ने बनाई दूरी: कहा— ‘निजी विचार, कड़े शब्दों में निंदा करते हैं’; पुलिस जांच के आदेश (Hindi Post Dot In)
