कार से ₹9 करोड़ की बेहिसाब नकदी बरामद, क्या बताया पुलिस ने ?
सांकेतिक तस्वीर (फोटो: आईएएनएस)
कार से ₹9 करोड़ की बेहिसाब नकदी बरामद, क्या बताया पुलिस ने ?, BIG NEWS
बेंगलुरु | आयकर विभाग ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक कार से करीब ₹9 करोड़ की बेहिसाब नकदी जब्त की. यह वाहन केरल में पंजीकृत (रजिस्टर्ड) है.
पुलिस के अनुसार, आयकर विभाग को वाहन के जरिए भारी मात्रा में नकदी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस को अलर्ट किया गया. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली. इस दौरान यह भारी रकम बरामद हुई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त की गई बेहिसाब नकदी तमिलनाडु के एक सर्राफा कारोबारी की है जिनका अपना ज्वेलरी का कारोबार है. आयकर विभाग ने कारोबारी के आवास पर भी छापा मारा जहां से अधिकारियों ने कथित तौर पर ₹1.35 करोड़ की अतिरिक्त नकदी बरामद की.
इस मामले में सर्राफा कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आयकर विभाग के अधिकारी नकदी के स्रोत और उसके गंतव्य के साथ-साथ इस बात की भी गहन जांच कर रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी.
जिस नकदी को जब्त किया गया है उसे कथित तौर पर केरल में पंजीकृत कार के जरिए लेकर जाया जा रहा था.
फिलहाल मामले की तहकीकात जारी है और रकम के असली स्रोत तथा इसे कथित रूप से कहां पहुंचाया जाना था, इसका पूरा ब्योरा सामने आना अभी बाकी है.
आईएएनएस
