रिया से 7 घंटे हुई पूछताछ, सीबीआई ने सुशांत के क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के बारे में भी पूछा

Sushant and Rhea Collage 22 (1)
The Hindi Post

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई की विशेष जांच टीम ने शनिवार को उनकी अभिनेत्री और प्रेमिका रिया चक्रवर्ती से सात घंटे तक पूछताछ की। रिया दोपहर 1.30 बजे के आसपास डीआरडीओ गेस्टहाउस पहुंची, जिसके बाद उनसे सीबीआई की पुलिस अधीक्षक नुपुर प्रसाद ने पूछताछ की और इसके बाद उन्हें मुंबई पुलिस एस्कॉर्ट के साथ रात लगभग 8.20 बजे छोड़ा गया।

सीबीआई के सूत्रों के अनुसार, रिया से यह सवाल भी पूछा गया कि क्या वह खरीदारी के लिए सुशांत के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करती थी।

दरअसल, हाल ही में सुशांत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी ने दावा किया था कि रिया सुशांत के क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके खरीदारी करती थी।

एक सूत्र ने कहा, हालांकि, रिया ने पूछताछ के दौरान सुशांत के क्रेडिट कार्ड से बहुत अधिक खर्च करने के आरोप का खंडन किया।

सूत्र ने कहा कि सुशांत के इलाज के विवरण के बारे में भी रिया से पूछताछ की गई कि वह वाटरस्टोन रिसॉर्ट में क्यों रहती थी और उसने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के बारे में क्या चर्चा की।

सूत्र ने कहा कि रिया अपने अधिकांश जवाबों में रक्षात्मक बनी रही और एजेंसी फिर से उसे पूछताछ के लिए बुलाएगी।

बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती मुंबई में अपने घर के बाहर शुक्रवार को हुए हो हल्ला के बाद सुशांत सिंह राजपूत मामले में दूसरे राउंड की पूछताछ के लिए शनिवार को सीबीआई के पास मुंबई पुलिस की सुरक्षा में पहुंची।

उनसे शुक्रवार की देर रात तक सीबीआई ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी और अगले दिन फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

जब वह शुक्रवार को अपनी पहली पूछताछ के लिए जा रही थी, तब वह बड़ी संख्या में मीडियाकर्मियों से घिर गई थीं, इस दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। एहतियात के तौर पर मुंबई पुलिस ने रिया को एक टीम मुहैया कराई है, ताकि वह सीबीआई टीम तक सुरक्षित रूप से पहुंच सके।

रिया के अलावा, सीबीआई ने पिठानी और सुशांत के निजी कर्मचारी नीरज सिंह से भी पूछताछ की है।

सुशांत के पिता के. के. सिंह द्वारा शिकायत दर्ज किए जाने के बाद बिहार सरकार के अनुरोध के बाद सीबीआई ने छह अगस्त को केंद्र सरकार के आदेश पर मामला दर्ज किया था।

सीबीआई ने रिया, उनके भाई शोविक, पिता इंद्रजीत, मां संध्या, सुशांत के घर के मैनेजर सैमुअल मिरांडा, पूर्व प्रबंधक श्रुति मोदी और अज्ञात अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!