राहुल गांधी के वाहन की पिछली विंडस्क्रीन टूटी मिली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा – पूरी संभावना है कि किसी ने उस पर पत्थर फेंका हो

Rahul (2)
The Hindi Post

कोलकाता | पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण बुधवार को शुरू हुआ. जब रैली दीवानगंज इलाके से गुजर रही थी तो राहुल गांधी के वाहन की पिछली विंडस्क्रीन टूटी मिली.

राज्य कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया है कि पूरी संभावना है कि पीछे का स्क्रीन इसलिए टूटा क्योंकि किसी ने उस पर पत्थर या ईंट फेंकी हो.

हालांकि, पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष और पांच बार के लोकसभा सदस्य अधीर रंजन चौधरी ने यह आरोप लगाते हुए किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया.

चौधरी ने कहा, “आप खुद ही समझिए कि ये किसकी करतूत हो सकती है. पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने के बाद से ही राहुल गांधी की न्याय यात्रा को बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है. जिस वाहन में राहुल गांधी थे उसकी पिछली विंडस्क्रीन को तोड़ दिया गया.”

चौधरी के मुताबिक रैली को शुरू से ही बाधित करने की हरसंभव कोशिश की गई है.

उन्होंने कहा, “यह घटना पिछले हफ्ते कूचबिहार में शुरू हुई.” उनके मुताबिक, विरोध की शुरुआत राज्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी के स्वागत के लिए लगाए गए फ्लेक्स को खराब करने से हुई.

चौधरी ने कहा, “तब से, एक के बाद एक ऐसी बाधाएं पैदा की गई हैं.”

हालांकि, राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेताओं ने घटना पर एक भी शब्द नहीं कहा.

मालदा में राहुल गांधी की यात्रा के समय ही उसी जिले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक समीक्षा बैठक की.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!