टी20 वर्ल्ड कप: विश्व चैंपियन भारतीय टीम पर पैसों की बारिश, जानें उपविजेता और अन्य टीमों को कितने पैसे मिले?
(फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
अहमदाबाद | भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है. रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता.
भारतीय टीम का यह लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है. टीम इंडिया तीन टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. अपने घर में टी20 विश्व कप जीतने वाली भी भारतीय टीम पहली टीम बनी है. इस ऐतिहासिक सफलता के बाद आईसीसी की तरफ से भारतीय टीम पर पैसों की बारिश हुई है.
भारतीय टीम को विश्व चैंपियन बनने पर आईसीसी की तरफ से इनामी राशि के रूप में 3 मिलियन डॉलर मिले हैं. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 27.48 करोड़ है.
उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.65 करोड़ रुपये) मिले.
सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुईं दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में से प्रत्येक को 790,000 डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) मिले.
सुपर-8 तक पहुंची टीमों को 380,000 डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) मिले.
ग्रुप स्टेज से बाहर हुई टीमों के लिए 250,000 डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) की राशि सुनिश्चित की गई थी.
आईसीसी ने इस पूरे टूर्नामेंट के लिए कुल 120 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया था.
