राहुल गांधी के हेलीकाप्टर की हुई तलाशी, कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली | चुनाव आयोग के फ्लाइंग स्क्वाड (उड़न दस्ते) ने तमिलनाडु के नीलगिरी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की जांच की है. इस पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जांच से हमें दिक्कत नहीं है लेकिन आप सबके हेलीकॉप्टर की जांच कीजिए.
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है. लेकिन, चुनाव आयोग ऐसे ही प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के हेलीकॉप्टर को भी चेक करे. चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संस्था है, जिसके अधीन इस समय कानून-व्यवस्था है. ‘सांच को आंच नहीं’, आप चाहे कितनी भी जांच कर लीजिए.
चुनाव आयोग से जुड़ी टीम ने सोमवार को तमिलनाडु के नीलगिरी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ले जा रहे एक हेलीकॉप्टर की जांच की थी. हेलीकॉप्टर के नीलगिरी में उतरने के बाद फ्लाइंग स्क्वाड ने तलाशी ली. राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड जा रहे थे, जहां उनकी प्रचार सभाएं हैं. राहुल गांधी वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है.
आईएएनएस
