प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक को छोड़ना पड़ा आलीशान घर, खरीदा था 166 करोड़ में, दोनों ने प्रॉपर्टी डीलर पर दर्ज कराया मुकदमा
फोटो: इंस्टाग्राम
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनास, जिन्होंने हाल ही में लोलापालूजा इंडिया म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म किया था ने अपना कैलिफोर्निया (अमेरिका) स्थित आलीशान घर छोड़ दिया हैं. इस घर को जोनास दंपति ने सितंबर 2020 में 20 मिलियन डॉलर (लगभग 166 करोड़ रूपए) में खरीदा था.
कपल ने इस आलीशान घर जिसमें सात बेडरूम, नौ बाथरूम, एक शेफ की रसोई, एक इनडोर बास्केटबॉल कोर्ट, इंटीरियर बॉलिंग एली, एक होम थिएटर, एक एंटरटेनमेंट लाउंज, एक स्पा, एक पूर्ण सुविधा वाला सर्विस जिम और एक बिलियर्ड्स रूम शामिल हैं, को 2020 में खरीदा था.
इस घर में वॉटर डैमेज के चलते कपल और उनके परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में उनका बंगले में रहना मुश्किल हो गया था. प्रियंका और निक ने घर को छोड़ने के साथ-साथ उन्हें ये बंगला बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलर पर मुकदमा दायर किया हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल ने अपने मुकदमे में कहा है कि ये लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है.
मुकदमे के मुताबिक, प्रॉपर्टी को खरीदने के बाद से ही इसके पूल और स्पा में दिक्कतें आने लगी थीं. वॉटरप्रूफिंग की मुश्किलों के चलते घर के हिस्सों में काई की समस्या और दूसरी मुश्किलें खड़ी हो गई. घर के डेक पर बार्बिक्यू एरिया में भी पानी लीक होने की दिक्कत भी होने लगी थी.
पेज 6 के अनुसार, घर की समस्याओं ने कथित तौर पर इसे (घर) “वस्तुतः रहने योग्य नहीं” और “स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से खतरनाक” बना दिया है.
अब जोनास दंपति ने इस समस्या की वजह से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, मुकदमे में कहा गया है कि कपल को रिपेयर का पैसा वापस मिलना चाहिए. इसके अलावा जो भी नुकसान उन्होंने उठाया है, उसकी भरपाई होनी चाहिए. कहा ये भी जा रहा है कि प्रॉपर्टी को रिपेयर करवाने का खर्च 1.5 मिलियन डॉलर से 2.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 13 से 20 करोड़ रुपये तक आ जाएगा.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
