सर्वाइकल कैंसर से पूनम पांडे की मौत की खबर पर रहस्य!
फोटो: सोशल मीडिया
मुंबई | सोशल मीडिया पर टीवी एक्ट्रेस पूनम पांडे की मौत की खबर सामने आने के बाद फैंस सदमे में है. रिपोर्ट के अनुसार, एक्ट्रेस की सर्वाइकल कैंसर से मौत हुई है.
कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पूनम की मौत की खबर को शेयर करते हुए लिखा, ”यह बहुत दुख की बात है. एक यंग लड़की को कैंसर की वजह से खोना डिजास्टर है. ओम शांति.”
लेकिन, जैसे-जैसे समय बीत रहा, इस खबर पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं.
यह सब एक पोस्ट से शुरू हुआ, जब पूनम पांडे के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर उनकी मौत की खबर शेयर की गई. इस पोस्ट ने सभी को हैरान कर दिया क्योंकि उनके जानने वाले किसी को भी उनकी बिगड़ती हेल्थ के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.
पूनम पांडेय ने चार दिन पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उस समय वो गोवा में छुट्टियां मना रही थी. एक्ट्रेस ने सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होने का कोई जिक्र भी नहीं किया था. ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं.
एक्ट्रेस संभावना सेठ ने ऑन रिकॉर्ड कहा है कि वह कुछ दिन पहले अपने एक कॉमन फ्रेंड के साथ पूनम पांडे से मिली थीं पर उस समय पूनम ने कैंसर से पीड़ित होने का कोई जिक्र नहीं किया था.
संभावना सेठ ने एक न्यूज चैनल से कहा, “जरा सोचिए कि वह कितनी मजबूत थी, उन्होंने कभी इसका (कैंसर) जिक्र तक नहीं किया.”
जब आईएएनएस मुंबई के ओशिवारा इलाके में पूनम पांडेय की हाउसिंग सोसाइटी, ‘द पार्क’ में पहुंचा, तो पड़ोस के लोगों ने कहा कि एक्ट्रेस पिछले दो दिनों से अपने घर पर नहीं हैं और उनके घर पर कोई हलचल नहीं देखी गई है.
पूरे दिन उनकी बिल्डिंग के अंदर या बाहर किसी गतिविधि का कोई संकेत नहीं मिला है.
हाउसिंग सोसाइटी के एक सिक्योरिटी गार्ड ने कहा, “वह दो दिनों से घर नहीं आई हैं. उनका ड्राइवर शुक्रवार दोपहर 3:45 बजे के आसपास बिल्डिंग से बाहर गया था.”
एक अफवाह यह भी उड़ी कि पूनम कानपुर गई थी जहां उनका निधन हो गया.
पूनम की पब्लिसिस्ट बयान जारी करने के बाद से फोन कॉल का जवाब नहीं दे रही हैं. उन्होंने कहा था कि उन्हें पूनम की मौत की जानकारी उनके (पूनम) एक रिश्तेदार से मिली थी.
एक्ट्रेस के अंतिम संस्कार के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है.
By IANS
