कनाडा में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़, भारत ने दी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली | (कनाडा के) ओंटारियो प्रांत में एक हिंदुओ के मंदिर में तोड़फोड़ की निंदा करते हुए भारत ने गुरुवार को कनाडा से अपराधियों को पकड़ने और यह सुनिश्चित करने के लिए सख्त शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
ओंटारियो के विंडसर शहर में स्थित मंदिर में अज्ञात लोगों ने बुधवार को हिंदू-विरोधी और भारत-विरोधी भित्तिचित्र लिख कर तोड़-फोड़ की थी.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से कहा, यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और हम इसकी निंदा करते हैं.
बागची ने कहा, इस मुद्दे को कनाडा के अधिकारियों के साथ उठाया गया है. उन्होंने कहा, “हमने अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने का अनुरोध किया है और यह सुनिश्चित का भी अनुरोध किया है कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. उम्मीद है कि कार्रवाई की जाएगी.”

ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने घटना के तुरंत बाद ट्वीट करके लिखा था, “हमने कनाडा के अधिकारियों के साथ विंडसर में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी चित्र बनाने और नारे लिखने के घृणित कृत्य को उठाया है. हम इस बर्बरता की कड़ी निंदा करते हैं.”
विंडसर पुलिस सर्विस ने एक बयान में कहा कि वह एक स्थानीय हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ की जांच घृणा से प्रेरित घटना के रूप में कर रही है.
कनाडा की पुलिस ने एक बयान में कहा कि जांच करने के दौरान अधिकारियों ने एक वीडियो हासिल करने में सफलता प्राप्त की है जिसमें दो संदिग्ध रात 12 बजे के बाद मंदिर वाले क्षेत्र में दिख रहे हैं. वीडियो में एक संदिग्ध इमारत की दीवार पर तोड़-फोड़ करता हुआ दिखाई दे रहा हैं जबकि दूसरा नजर रखे हुए हैं.
पुलिस ने बताया कि घटना के समय, एक संदिग्ध ने काले रंग का स्वेटर, काली पैंट और काले और सफेद रंग के हाई-टॉप रनिंग शूज पहने हुए थे. दूसरे संदिग्ध ने काली पैंट, एक स्वेटशर्ट, काले जूते और सफेद मोजे पहने हुए थे.
पुलिस जांच कर रही हैं.
आईएएनएस
