संसद की सुरक्षा में सेंध का मामला: क्या आरोपी ललित झा का है माओवादियों से कोई ‘कनेक्शन’?, पुलिस जांच में जुटी
ललित झा (फोटो वाया आईएएनएस)
कोलकाता | पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस बारे में जांच शुरू कर दी है कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना के मुख्य आरोपी ललित झा से संबंध रखने वाले NGO का माओवादियों से कोई संबंध है या नहीं.
पुलिस को पता चला है कि NGO – साम्यवादी सुभाष सभा, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के तुनतुरी में मुफ्त कोचिंग सेंटर चलाता है. यह जगह कभी माओवादियों का गढ़ हुआ करता था.
पश्चिम बंगाल में ललित झा के परिचित निलक्खा आइच को NGO के संस्थापक सदस्यों में से बताया जा रहा है. आइच से पश्चिम बंगाल पुलिस गुरुवार को ही पूछताछ कर चुकी है.
कोचिंग सेंटर के बारे में पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह (कोचिंग सेंटर) एस्बेस्टस शेड से ढका है. कोचिंग सेंटर एक ऐसे कमरे में संचालित की जाती है जिसकी खिड़कियां टूटी है. तुनतुरी गांव के स्थानीय निवासियों के मुताबिक वहां कुछ बच्चे आते थे.
आइच पश्चिम बंगाल के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है. वह ललित झा से परिचित था. झा ने लोकसभा में सुरक्षा उल्लंघन का वीडियो WhatsApp के माध्यम से आइच को भेजा था.
इस बीच, दो वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंची है. वह ललित झा के बारे में और जानकारी जुटाने के लिए वहां आई है.
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता प्रवास के दौरान ललित झा ने बड़ाबाजार इलाके में एक जगह किराए पर ली थी. घर के मालिक के अनुसार, ललित झा किराए का भुगतान ऑनलाइन करता था.
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया है कि ललित झा बेहद अंतर्मुखी व्यक्ति था. वह कम ही बातचीत करता था. उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस इस संबंध में आइच से पूछताछ कर सकती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
