“परमाणु शक्ति वाले माहौल में जंग ……. “, भारत का नाम लेकर बोले पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर
फोटो: आईएएनएस
“परमाणु शक्ति वाले माहौल में जंग ……. “, भारत का नाम लेकर बोले पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर
पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने शनिवार को फिर से भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास ऐसे हथियार हैं जो कही भी जाकर हमला कर सकते हैं.
मुनीर ने कहा, ‘भारत की यह गलतफहमी कि वह अपनी बड़े होने की वजह से (एरिया में) महफूज है, जल्द खत्म हो जाएगी.’ मुनीर ने ये बातें सैन्य अकादमी में एक पासिंग परेड को संबोधित करने के दौरान कही.
उन्होंने कहा कि परमाणु शक्ति वाले माहौल में जंग की कोई जगह नहीं है. अगर दोनों देशों के बीच कोई जंग हुई तो पाकिस्तानी सेना का जवाब उम्मीद से कहीं बढ़कर होगा, जिसके बारे में हमला करने वाले ने सोचा भी नहीं होगा.
मुनीर ने कहा कि ऑपरेशन बुनीयान‑उम‑मारसूज (भारत के खिलाफ हुआ संघर्ष) के दौरान पाकिस्तान आर्मी ने अपनी काबिलियत दिखाई और अपने से कई गुना बड़ी दुश्मन सेना को हराया.
उन्होंने कहा कि अल्लाह की मदद और लोगों के समर्थन से पाकिस्तान ने अपनी सीमाओं की रक्षा में बड़ी सफलता हासिल की है. मुनीर ने वादा किया कि देश की एक इंच भी जमीन किसी दुश्मन को नहीं दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि जैसे उन्होंने भारत को पिछली बार हराया था वैसे ही भारत की मदद से चलाए जा रहे आतंकियों के गुटों को कुचल डालेंगे.
आर्मी चीफ ने कहा कि पाकिस्तान एयर फोर्स ने भारत के राफेल गिराए, कई बेस और S-400 मिसाइल सिस्टम्स को निशाना बनाया.
इसके साथ ही मुनीर ने कश्मीर में आतंकवाद और अत्याचारों की निंदा की और कश्मीरियों को अपने फैसले खुद करने का अधिकार देने की मांग की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरी लोगो के लिए समर्थन जारी रखेगा.
मुनीर ने सऊदी अरब के साथ हाल के रक्षा समझौते पर भी बात की. उन्होंने इसे पाकिस्तान-सऊदी भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया. साथ ही इसे मिडिल इस्ट और एशिया में शांति का कदम करार दिया.
इसके अलावा मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान ने ईरान के साथ शांतिपूर्ण बातचीत में भूमिका निभाई है और दूसरे मुस्लिम देशों के साथ संबंध तेजी से बढ़ा रहे हैं.
उन्होंने चीन के साथ ऐतिहासिक रणनीतिक साझेदारी पर भी गर्व जताया और अमेरिका के साथ मजबूत होते संबंधों को प्रेरणादायक बताया.
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 17 सितंबर को एक रक्षा समझौते पर साइन किए थे. इस समझौते के तहत एक देश पर हमला दूसरे पर भी हमला माना जाएगा.
दोनों देशों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट में कहा था कि यह समझौता दोनों देशों की सुरक्षा बढ़ाने और विश्व में शांति स्थापित करने की प्रतिबद्धता को दिखाता है. इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच डिफेंस कॉर्पोरेशन भी डेवलप किया जाएगा.
इस समझौते के तहत मिलिट्री सहयोग भी किया जाएगा. इसमें जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का इस्तेमाल भी शामिल है. सऊदी अरब और पाकिस्तान के रक्षा समझौते पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार को इसकी जानकारी पहले से थी.
