निर्वस्त्र तस्वीर मामला: मुंबई पुलिस ने अभिनेता रणवीर सिंह से 2 घंटे की पूछताछ

फोटो: इंस्टाग्राम

The Hindi Post

मुंबई | मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह भवनानी के खिलाफ जुलाई 2022 में दर्ज नग्नता और अश्लीलता के मामले में सोमवार को उनका बयान दर्ज किया।

एक गैर सरकारी संगठन और एक महिला कार्यकर्ता वेदिका चौबे द्वारा एक विदेशी पत्रिका में नग्न तस्वीरें प्रकाशित होने और अश्लीलता की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अभिनेता रणवीर सिंह को उनके बयान के लिए तलब किया था। रणवीर द्वारा सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा किए जाने के बाद भारी हंगामा हुआ था। इसके बाद, एनजीओ और वेदिका चौबे ने चेंबूर पुलिस में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

सिंह की नग्न तस्वीरें ‘पेपर’ नामक पत्रिका में प्रकाशित हुई थीं। इन्हीं तस्वीरों को बाद में रणवीर ने सोशल मीडिया पर साझा की थी। इस पर बड़ा विवाद छिड़ गया था।

मुंबई पुलिस की एक टीम ने रणवीर सिंह से सोमवार सुबह दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की और उसके बाद उन्हें जाने दिया गया।

हालांकि, पुलिस यह बताने से परहेज कर रही है कि क्या रणवीर सिंह से अकेले में पूछताछ हुई या उनके सहयोगियों या वकीलों की मौजूदगी में।

एक अधिकारी ने सिर्फ इतना कहा कि पहला बयान दर्ज कर लिया गया है और जरूरत पड़ने पर रणवीर को फिर से तलब किया जा सकता है।

37 वर्षीय रणवीर सिंह पर भारतीय दंड संहिता की धारा 292, 293, 509 और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कई पुरस्कार जीत चुके अभिनेता रणवीर सिंह ने 2010 में ‘बैंड, बाजा, बारात’ के साथ बॉलीवुड में प्रवेश किया था और बाद में ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘सिम्बा’, ‘गोलियों की रास लीला-राम-लीला’, ‘गुंडे’ और ‘गली बॉय’ जैसी फिल्मों से प्रसिद्धि हासिल की है।

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!