भारत से विवाद के बीच मालदीव के राष्ट्रपति का बयान: कहा- हम भले ही छोटा देश हो सकते हैं लेकिन इससे किसी को हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (फाइल फोटो | आईएएनएस)
नई दिल्ली | मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू शनिवार को चीन के दौरे से वापस अपने देश लौट आए. आते ही उन्होंने भारत पर अप्रत्यक्ष प्रहार किया. उनका कहना है कि हम भले ही छोटा देश हो सकते हैं लेकिन इससे किसी को भी हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता.
एक वायरल वीडियो के अनुसार, चीन से लौटने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत का नाम लिए बगैर कहा, “हम छोटे हो सकते हैं, लेकिन इससे उन्हें हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता है.”
राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने यह भी कहा कि हिंद महासागर किसी ‘विशिष्ट देश’ का नहीं है और मालदीव अपने बड़े विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के कारण इसके (हिन्द महासागर) ‘सबसे बड़े हिस्से’ वाले देशों में से एक है.
बता दे कि राष्ट्रपति मुइज्जू की यह टिप्पणी मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के बाद आई है. तीनों मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया गया था.
फिलहाल दोनों देशों के रिश्तों में खटास आई है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
