ISI और दाऊद गैंग का बड़ा मॉड्यूल ध्वस्त: दिल्ली-मुंबई को दहलाने की साजिश रच रहे 9 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Police IANS (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

ISI और दाऊद गैंग का बड़ा मॉड्यूल ध्वस्त: दिल्ली-मुंबई को दहलाने की साजिश रच रहे 9 आरोपी गिरफ्तार

 

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े एक मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय था और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों के जरिए लोगों को अपने संपर्क में ला रहा था.

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान देशभर में करीब 600 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो किसी न किसी माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे. एजेंसियां अब इन सभी लोगों की गतिविधियों, संपर्कों और उनके संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही हैं. प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन लोगों का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ था और इनके पीछे क्या उद्देश्य था.

इस मामले में मुंबई के कुर्ला इलाके से साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान और मुंब्रा क्षेत्र से तौकीर रिजवान शेख को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है. जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों संदिग्धों को दिल्ली आने के निर्देश दिए गए थे और राजधानी पहुंचने के बाद उन्हें आगे का टारगेट या जिम्मेदारी सौंपी जानी थी.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को दिल्ली की यात्रा और अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी. एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फंडिंग कहां से आई, इसका स्रोत क्या था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई के कुर्ला और मुंब्रा क्षेत्रों में भी छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला मानते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं.

आईएएनएस

आईएसआई और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े 9 आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े 600 लोग रडार पर


The Hindi Post
error: Content is protected !!