राजा रघुवंशी मर्डर केस: राज कुशवाहा की बहन ने किया बड़ा खुलासा…
राजा रघुवंशी हत्या मामले में आरोपी राज कुशवाहा की फाइल फोटो / फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
इंदौर | राज कुशवाहा की बहन ने बड़ा खुलासा किया है. उनका कहना है कि उनका भाई निर्दोष है और वह इस तरह का अपराध नहीं कर सकता. राज कुशवाहा पर यह आरोप लगाया गया है कि वह राजा रघुवंशी मर्डर केस का कथित मास्टर माइंड है.
मीडिया से बात करते हुए राज के परिवार ने कहा कि वह (राज कुशवाहा) घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य है. उन्होंने यह भी कहा कि उसको इस मामले में फंसाया गया है और उसका सोनम रघुवंशी से कोई रिश्ता नहीं है.
पत्रकारों से बात करते हुए राज की मां ने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है. उन्होंने बताया, “पुलिस आई थी और उसको अपने साथ ले गई. पुलिस झूठ बोल रही है और उनके दावे झूठे हैं. राज ऐसा कभी नहीं कर सकता. उस पर उसकी बहनों की जिम्मेदारी है. वह बहुत मेहनत से काम करता था. मैं मान ही नहीं सकती कि उसने कुछ गलत किया हो.”
राज की बहन ने भाई का समर्थन करते हुए कहा, “मैं अपने भाई को अच्छी तरह जानती हूं. वह ऐसा गलत काम कभी नहीं करेगा. मैं विशाल को भी जानती हूं. वह मेरे भाई की तरह है. दोनों निर्दोष हैं और वे ऐसा कोई गलत काम नहीं कर सकते. यह सब झूठ है.”
राज की बहन ने इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि उसके भाई का सोनम रघुवंशी से अफेयर था. उन्होंने कहा, “दोनों किसी भी तरह के रिश्ते में नहीं थे. मेरा भाई सोनम के यहां काम करता था. दोनों के बीच में नौकर-मालिक जैसा रिश्ता था. वो तो उसे दीदी कहकर बुलाता था. मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरे भाई का इस मामले से कोई लेना देना नहीं है.”
आपको बता दें कि राजा रघुवंशी हत्या मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार लोगों की पहचान सोनम, राज कुशवाहा, विशाल सिंह चौहान, आनंद और आकाश के रूप में हुई है.
वही राज के परिवार में उसकी मां और तीन बहने हैं. उसके पिता की कोरोना काल के दौरान मृत्यु हो गई थी.
Hindi Post Web Desk/IANS
