यौन शोषण के आरोपी से पीड़िताओं के समूह ने लिया खौफनाक बदला, पहले उतारा मौत के घाट फिर किया आग के हवाले
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
ओडिशा के गजापति जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां महिलाओं के एक समूह ने 60 साल के शख्स की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर उसके शव को आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. मृतक ने कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण किया था.
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें 8 महिलाएं हैं. मोहाना पुलिस स्टेशन के इंचार्ज बसंत सेठी ने सोमवार को कहा कि हमें जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति की हत्या के बाद उसके शव को जला दिया गया है. हम इस मामले की जांच की जा रही है.
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को पहाड़ी के ऊपर मृतक की हड्डियां और राख मिली है. यह पहाड़ी जंगल के बीच स्थित है और इस वारदात को 3 जून की रात को अंजाम दिया गया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक ने कथित तौर पर 52 साल की विधवा महिला से दुष्कर्म किया था. इसके बाद 3 जून की रात को 60 वर्षीय शख्स को मौत के घाट उतार दिया गया था. पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस वारदात को कुछ महिलाओं ने अंजाम दिया था. इनमें वो महिलाएं भी शामिल थीं जिनका इस शख्स द्वारा कथित तौर पर यौन उच्पीड़न किया गया था. इन सभी महिलाओं ने एक मीटिंग कर इस शख्स की जान लेने का फैसला किया था.
पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया कि ये महिलाएं इस शख्स के घर पहुंचीं और उसकी हत्या कर दी. इस वारदात को अंजाम देने में 2 पुरुषों ने भी महिलाओं का साथ दिया था. शख्स की सोते समय हत्या की गई थी.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस शख्स ने कथित तौर पर गांव की कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया था. पुलिस अधिकारी ने एजेंसी को यह भी बताया कि गिरफ्तार की गईं महिलाओं में से 6 ने इस बारे में बताया कि वे मृतक के द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार हुईं थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
