रेत माफिया की बढ़ गई इतनी हिम्मत, इस अधिकारी को मरवाया…..
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
रेत माफिया की बढ़ गई इतनी हिम्मत, इस अधिकारी को मरवाया…..
मुरैना | मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफिया ने वन विभाग के आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने संवाददाताओं को बताया है कि दिमनी थाना क्षेत्र के एक तिराहे पर बुधवार की सुबह वन विभाग का अमला तैनात था. अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की गई, तो ट्रैक्टर चालक ने वन आरक्षक हरकेश गुर्जर को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर और चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
राज्य में मुरैना जिला अवैध उत्खनन के लिए हमेशा चर्चा में रहता है. यह कोई पहली घटना नहीं है, जिसमें किसी शासकीय कर्मचारी की जान गई हो, इससे पहले भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी नरेंद्र कुमार भी इन रेत माफियाओं का शिकार बने हैं. वहीं एक डिप्टी रेंजर भी में माफिया का शिकार बन चुका है.
मुरैना की घटना पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त और अपराधियों के हौसले चरम पर है. मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला कर आरक्षक हरकेश गुर्जर की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर देना न केवल भयावह है, बल्कि यह साबित करता है कि प्रदेश में मौजूद अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो चुका है.
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार के सुशासन की तस्वीर है, अवैध खनन माफिया दिनदहाड़े कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है. यह सीधा-सीधा शासन की विफलता और अपराधियों को मिला संरक्षण है. नेता प्रतिपक्ष की मांग है कि मुख्यमंत्री सम्पूर्ण विषय में संज्ञान लें और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कड़ी कार्यवाही की जाए.
आईएएनएस
मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या
