एक घंटे तक बरसते रहे आग के गोले, 20 से ज्यादा लोग झुलसे

Fire Indore IANS Nov 09
The Hindi Post

एक घंटे तक बरसते रहे आग के गोले, 20 से ज्यादा लोग झुलसे, BIG NEWS

 

इंदौर । मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के गौतमपुरा में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार दीपावली के दूसरे दिन हुए हिंगोट युद्ध में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। करीब एक घंटे तक मैदान का आकाश आग के गोलों से छाया रहा।

गौतमपुरा के देवनारायण मंदिर के सामने स्थित मैदान युद्ध के मैदान जैसा नजर आया, यहां आसमान से गुजरते आग के गोले एक तरफ से दूसरी तरफ गिरते रहे, यह नजारा था हिंगोट युद्ध का। यहां तुर्रा और कलंगी दो दलों के बीच यह युद्ध हुआ। इस नजारे को देखने हजारों लोग मौके पर पहुंचे, दर्शकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पूरे इंतजाम किए।

एक तरफ जहां जाली लगाई गई , वहीं सुरक्षा बल की तैनाती की गई, इसके अलावा प्राथमिक उपचार से लेकर एंबुलेंस की व्यवस्था भी मौके पर रही।

दीपावली के बाद सोमवार को हुए हिंगोट युद्ध में तुर्रा और कलंगी टीमों के बीच वार पलट वार हुआ, आकाश पूरी तरह आग के गोलों में बदल गया, बचाव के लिए कई योद्धा हाथ में ढाल लिए हुए थे इसके बावजूद 20 से ज्यादा लोग झुलस गए।

स्थानीय लोगों की माने तो यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसमें तुर्रा और कलंगी हिंगोट के जरिए एक दूसरे पर हमला बोलते हैं। पिछले सालों में कई बार लोग घायल हुए हैं। प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं से यहां के लोग संतुष्ट हैं। प्रशासन ने यहां युद्ध में हिस्सा लेने वाले दलों के सदस्यों को कई बार हेलमेट पहनना और हाथ में एक सुरक्षा कवच लेने की भी सलाह दी।

हिंगोट युद्ध को लेकर गौतमपुरा और आसपास के लोगों में एक माह पहले तैयारी शुरू हो जाती है। हिंगोरिया एक नारियल जैसा फल होता है जिसमें एक तरफ छेद कर अंदर का हिस्सा निकाल दिया जाता है और उसमें बारूद साथ ही एक लकड़ी लगाई जाती है।

युद्ध के दौरान इसमें आग लगाकर एक दूसरे पर हमला किया जाता है जिससे आकाश में ऐसे लगता है जैसे आग के गोले उड़ रहे हो। लोग बताते हैं कि यह परंपरा करीब 200 साल पुरानी है जो होलकर काल में शुरू हुई स्थानीय योद्धा मुग़ल सेना से मुकाबले के दौरान हिंगोट में बारूद भरकर उसे हथियार की तरह इस्तेमाल करते थे।उसी बहादुरी की याद में यहां के लोग अनोखा ‘हिंगोट युद्ध’ मनाते हैं।

IANS

इंदौर के हिंगोट युद्ध में 20 से ज्यादा लोग झुलसे, एक घंटे तक बरसते रहे आग के गोले

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!