मोदी, पुतिन रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमत

PM Modi and Putin File Photo MEA@Twitter

फाइल फोटो: MEA/ ट्विटर

The Hindi Post

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को फोन पर बातचीत के दौरान सभी क्षेत्रों में रूस और भारत के बीच विशेष एवं विशेषाधिकृत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति पुतिन को द्वितीय विश्व युद्ध में जीत की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए गए समारोह की सफलता पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पुतिन को रूस में संवैधानिक संशोधनों पर वोट के सफल समापन के लिए भी बधाई दी।

मॉस्को में 24 जून को आयोजित विजय परेड में भारतीय सशस्त्र बल ने भी भाग लिया था, जो भारत और रूस के लोगों के बीच मित्रता का प्रतीक है।

मोदी और पुतिन ने वैश्विक कोविड-19 महामारी के नकारात्मक परिणामों को दूर करने के लिए दोनों देशों द्वारा किए गए प्रभावी उपायों के बारे में बात की। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने कोरोना के बाद की दुनिया की चुनौतियों से संयुक्त रूप से निपटने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संपर्क और परामर्श की गति को बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। इस साल के अंत में भारत में वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा। मोदी ने द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत में पुतिन का स्वागत करने को लेकर अपनी उत्सुकता व्यक्त की।

रूसी राष्ट्रपति ने मोदी को फोन कॉल के लिए धन्यवाद भी दिया।

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!