सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, दो दमकलकर्मी घायल

fire in sabji mandi thane (1)
The Hindi Post

सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, दो दमकलकर्मी घायल

 

ठाणे | महाराष्ट्र के ठाणे में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई. ठाणे नगर निगम के अधिकारियों ने बताया है कि दो अन्य लोग आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया हैं.

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार तड़के ठाणे के नौपाड़ा इलाके में गोखले रोड पर स्थित गांवदेवी सब्जी मंडी की इमारत में आग लग गई. यह घटना गुरुवार तड़के करीब 3.45 बजे घटी. लोगों के नींद में होने के कारण आग का जल्दी से पता नहीं चल पाया और धीरे-धीरे आग फैलती चली गई.

हालांकि, जलते हुए स्टॉलों से उठती विशाल लपटों और घने धुएं ने इलाके में दहशत फैला दी. कुछ समय बाद आग लगने की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी. बताया जा रहा है कि इस मार्केट में सब्जी के अलावा कपड़ों के भी कई स्टॉल थे.

आग की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंचीं. इसके बाद आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाए जाने के दौरान दो लोगों की जलकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान सागर शिंदे (43) और कालू शंकर गाडेकर (53) के रूप में हुई है.

अधिकारियों ने बताया कि सागर शिंदे ठाणे फायर ब्रिगेड में स्टेशन अधिकारी थे, जबकि कालू शंकर गाडेकर नगर निगम में सुरक्षा गार्ड थे. इसके अलावा, अन्य दो लोग घायल हुए, जिनकी पहचान फायर ब्रिगेड के स्टेशन ऑफिसर सुजीत पाष्टे (45) और फायर ब्रिगेड के तांडेल समीर जाधव (40) के रूप में हुई है.

दोनों घायलों को छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारी इस पूरी घटना की जांच में जुटे हुए हैं.

IANS

 

ठाणे की सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, दो दमकलकर्मी घायल

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!