अब दिल्ली एयरपोर्ट के गेट पर यात्री ने किया पेशाब, टर्मिनल-3 पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: इंग्लिश पोस्ट)
नई दिल्ली | इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के डिपार्चर एरिया में पेशाब करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना 8 जनवरी को हुई थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया, “उस दिन शाम करीब 5.30 बजे, हमें एक कॉल आया जिसमें बताया गया कि कोई शख्स डिपार्चर एरिया के गेट नंबर 6 के पास पेशाब कर रहा है. फोन करने वाले ने कहा कि पेशाब करने वाला शख्स नशे की हालत में लग रहा था. तुरंत सीआईएसएफ और पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया और आरोपी को पकड़ लिया गया.
आरोपी की पहचान बिहार निवासी जौहर अली खान (39) के रूप में हुई है. वह दुबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया.
पुलिस ने कहा कि खान को अन्य लोगों ने खुले में पेशाब करने से रोका था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और इसके बजाय उनसे बहस करने लगा.
उसे पास के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पुष्टि हुई कि उसने शराब पी रखी थी.
पुलिस ने कहा कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया था पर बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया, क्योंकि उसके खिलाफ जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था.
आईएएनएस
