जय शाह के आईसीसी चेयरमैन बनने पर ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह से कही यह बात
नई दिल्ली | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने जय शाह के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का चेयरमैन बनने पर इशारों ही इशारों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसा है.
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”केंद्रीय गृह मंत्री जी को बधाई! आपका बेटा राजनेता नहीं बना है लेकिन आईसीसी का चेयरमैन बन गया है जो कि अधिकांश राजनेताओं के पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है.”
उन्होंने आगे लिखा, ”आपका बेटा सचमुच बहुत शक्तिशाली बन गया है और मैं उसकी इस सर्वोच्च उपलब्धि के लिए आपको बधाई देती हूं.”

इसके अलावा टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने ममता बनर्जी के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, ”बधाई हो अमित शाह- मैं ममता बनर्जी के साथ मिलकर आपके बेटे की अद्भुत उपलब्धियों पर आपको बधाई देती हूं. वह इस बात का उदाहरण हैं कि कड़ी मेहनत और योग्यता से कैसे कुछ भी संभव हो सकता है.”
हाल ही में जय शाह को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अगले चेयरमैन के रूप में निर्विरोध चुना गया है. वह दिसंबर 2024 में ग्रेग बार्कले की जगह लेंगे. जय शाह अक्टूबर 2019 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मानद सचिव और जनवरी 2021 से एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन हैं. वह 1 दिसंबर, 2024 को आईसीसी के चेयरमैन का पद संभालेंगे. शाह अकेले उम्मीदवार थे, क्योंकि मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने तीसरा कार्यकाल नहीं लेने का फैसला किया.
जय शाह आईसीसी में प्रमुख पद पर रहने वाले पांचवें भारतीय हैं. इससे पहले एन. श्रीनिवासन (2014-15) और शशांक मनोहर (2016-2020) आईसीसी के चेयरमैन रह चुके हैं, जबकि जगमोहन डालमिया (1997-2000) और शरद पवार (2010-2012) आईसीसी के प्रेसिडेंट के रूप में कार्य कर चुके हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
