अपने से छोटी उम्र के बॉयफ्रेंड का महिला ने किया मर्डर, दोनों थे लिव-इन रिलेशनशिप में, चाकू से काटा गला फिर……
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
अपने से छोटी उम्र के बॉयफ्रेंड का महिला ने किया मर्डर, दोनों थे लिव-इन रिलेशनशिप में, चाकू से काटा गला फिर……
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां 46 वर्षीय महिला रत्ना ने अपने लिव-इन पार्टनर सूर्य प्रताप सिंह (33) की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि इस वारदात के बाद महिला अपनी 18 और 14 वर्ष आयु की बेटियों के साथ अगले लगभग 10 घंटे तक उसी घर मौजूद रही और सोमवार सुबह खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी.
मूल रूप से देवरिया का रहने वाला सूर्य प्रताप सिंह एवरेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर था. वर्ष 2012 में उसने रत्ना की बेटियों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया था. इसी दौरान रत्न और सूर्य के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 2014 में रत्ना के पति जितेंद्र कुमार की पीलिया से मौत के बाद दोनों लिव-इन में रहने लगे. शुरू में सूर्य अपने परिवार के साथ जानकीपुरम में रहता था लेकिन परिवार के विरोध के चलते वह रत्ना और उसकी बेटियों के साथ ग्रीन सिटी में रहने लगा.
पड़ोसियों के मुताबिक दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. रविवार रात करीब 11 बजे भी मामूली बात पर झगड़ा शुरू हुआ जो बाद में हिंसक हो गया. आरोप है कि रत्ना ने अपनी दोनों बेटियों के साथ मिलकर सूर्य की हत्या कर दी. उसका कथित तौर पर चाकू से गला काट दिया गया था. हत्या के बाद तीनों दूसरे कमरे में रातभर बैठी रहीं.
सोमवार सुबह करीब 9 बजे रत्ना ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर बताया—”मैंने अपने प्रेमी की हत्या कर दी है, शव घर में है.” खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टेम परिक्षण के लिए भेजा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रत्ना और उसकी दोनों बेटियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मृतक के पिता नरेंद्र सिंह ने रत्ना व उसकी बेटियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बेटा आर्थिक रूप से रत्ना के परिवार की मदद करता था. वह बेटे की शादी की तैयारी कर रहे थे लेकिन उसे रत्ना से दूर नहीं कर पाए.
डीसीपी ईस्ट शशांक सिंह ने मीडिया को बताया कि मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में रत्ना ने दावा किया कि सूर्य उसकी बड़ी बेटी पर गलत नजर रखता था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Hindi Post Web Desk
