घोर कलयुग ! 29 साल के बेटे की पिता ने ही करा दी हत्या, होश उड़ा देगी वजह
सांकेतिक तस्वीर
घोर कलयुग ! 29 साल के बेटे की पिता ने ही करा दी हत्या, होश उड़ा देगी वजह
यूपी के संभल निवासी 29 वर्षीय अनिकेत शर्मा की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. अनिकेत का शव मुरादाबाद में मिला था. ऐसा माना जा रहा था कि अनिकेत सड़क हादसे का शिकार हुआ था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट की पुष्टि हुई. इसके बाद यह मामला संदिग्ध लगने लगा और जांच की दिशा बदल गई.
पुलिस की कड़ी पूछताछ व संदेह के दायरे में आए मृतक के पिता बाबूराम ने आखिरकार वो राज उगल दिया जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया — अनिकेत का कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका खुद का पिता ही निकला.
दरअसल, पिता लगातार घटना को हादसा बताने पर जोर दे रहा था और एफआईआर दर्ज कराने से भी बच रहा था जिससे पुलिस को उस पर शक और गहरा हो गया. जांच में सामने आया कि अनिकेत के नाम पर 2.10 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी है. इसी लोभ में पिता बाबूराम ने बेटे की हत्या की सुपारी 3.5 लाख रुपये में दी थी. बाबूराम ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे को नशे की लत थी. नशे की लत और बीमा की रकम हड़पने के लिए उसने अपने बेटे को मरवाने की साजिश रची थी.
पूछताछ में पता चला कि हत्या से पहले अनिकेत के नाम 2.10 करोड़ की बीमा पॉलिसी ली गई थी. आरोपी ने जान-बूझकर 1.05 करोड़ की दो पॉलिसियां और एक्सिडेंटल मौत पर 2.10 करोड़ का बीमा कराया था. उसने यह जानकारी अनिकेत से छिपाई थी और मार्च 2024 में धमकी देकर उससे हस्ताक्षर भी करा लिए थे.
वारदात कुंदरकी थाना क्षेत्र में 15-16 नवंबर की रात को हुई थी. हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंक दिया गया था ताकि उसे हादसा दर्शाया जा सके.
मुरादाबाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पिता बाबूराम सहित तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ है. साजिश में शामिल अमरोहा का वकील अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
