भाजपा सांसद को समाजवादी पार्टी ने दिया टिकट, चुनावी मैदान में उतारा
नई दिल्ली | लोकसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को एक और लिस्ट जारी की. सपा ने एक लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की है, जबकि एक सीट पर उम्मीदवार को बदला है.
दरअसल, सपा ने मिर्जापुर से अपने प्रत्याशी को बदलकर अब रमेश बिंद को टिकट दिया है. इससे पहले समाजवादी पार्टी ने मिर्जापुर लोकसभा सीट से राजेंद्र बिंद को अपना प्रत्याशी बनाया था.
वहीं, रॉबर्ट्सगंज सीट से छोटेलाल खरवार को चुनाव मैदान में उतारा है.

भदोही से मौजूदा सांसद रमेश बिंद ने भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी का दामन छोड़ दिया हैं. वह सपा की साइकिल पर सवार हो गए हैं. ऐसे में अखिलेश यादव ने रमेश बिंद पर विश्वास जताते हुए उन्हें मिर्जापुर से चुनावी मैदान में उतारा है.
सपा के रमेश बिंद का मुकाबला एनडीए की सहयोगी अपना दल की अनुप्रिया पटेल से होगा.
बता दें कि सोमवार को चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी. इसमें उत्तर प्रदेश की 13 सीट पर मतदान होंगे, जिनमें शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई, खीरी, धौरहरा, मिश्रिख, उन्नाव, बहराइच, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर और अकबरपुर हैं.
आईएएनएस
