मेरे गिरोह ने की सिद्धू मूसेवाला की हत्या : गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई

Lawrence Bishnoi (1)

लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कबूल किया है कि प्रसिद्ध पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू (सिद्धू मूसेवाला) की निर्मम हत्या के पीछे उसका गिरोह जिम्मेदार है।

28 वर्षीय मूसेवाला की 29 मई को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह महिंद्रा थार गाडी में अपने दो दोस्तों के साथ यात्रा कर रहे थे।

लगभग एक दर्जन हमलावरों ने उन पर 30 से अधिक गोलियां चलाई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें ‘मृत’ घोषित कर दिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

सिंगर की पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट से पता चला है कि उनके शरीर पर गोली लगने के 19 निशान थे।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा, “बिश्नोई ने कबूल किया कि उसका गिरोह हत्या (मूसेवाला की हत्या) के लिए जिम्मेदार है लेकिन यह भी कहा कि वह सीधे तौर पर इस हत्या के पीछे नहीं था क्योंकि वह जेल में बंद है।”

वर्तमान में मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) मामले में तिहाड़ जेल में बंद,  बिश्नोई कथित तौर पर पांच दर्जन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में मामले दर्ज है। उसने एक बार बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल फिलहाल हर एंगल से घटना (मूसेवाला हत्याकांड) की जांच कर रही है और मामले में बिश्नोई से भी पूछताछ हो रही है। यह भी पता चला है कि गैंगस्टर बिश्नोई पुलिस को पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। सूत्र ने कहा, “वह घटना के बारे में ब्योरा नहीं दे रहा है लेकिन उसने कबूल किया है कि इस हत्या के पीछे उसका गिरोह था।”

इस बीच, लॉरेंस बिश्नोई के भतीजे सचिन बिश्नोई ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने दावा किया था कि मूसेवाला की हत्या पिछले साल अगस्त में यूथ अकाली दल के नेता विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या का बदला था। सूत्रों ने बताया कि विक्की मिद्दुखेड़ा लॉरेंस बिश्नोई का करीबी दोस्त था।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!