मजदुर ने पत्नी को दिल्ली में बेचा, खरीदने वाले से कराई शादी, गिरफ्तार
प्रतीकात्मक फोटो (फोटो: हिंदी पोस्ट)
भुबनेश्वर | ओडिशा के कालाहांडी जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां का रहने वाला एक शख्स दिल्ली में अपनी पत्नी को बेच आया. पत्नी को बेच कर शख्स वापस कालाहांडी लौट आया.
जानकारी के अनुसार, इस शख्स ने अपनी पत्नी की शादी भी करा दी.
सूत्रों के अनुसार कालाहांडी जिले के नरला प्रखंड के मुस्कगुड़ा गांव के रहने वाले खीरा बेरुक ने करीब एक साल पहले कुलमणि भोई की बेटी पूर्णामी से शादी की थी. वो मजदूरी करके अपना और पत्नी का पेट पालता था.
खीरा ने तय किया कि वो दिल्ली में मजदूरी करेगा. वो 30 अक्टूबर को पत्नी पूर्णामी को लेकर दिल्ली के लिए निकल गया. जब वो घर वापस लौटा तो अकेला था. उसकी पत्नी उसके साथ नहीं थी.

पूर्णामी ने 5 नवंबर को अपने पिता कुलमणि को फोन कर घटना की जानकारी दी. उसने अपने पिता को दिल्ली में आयोजित विवाह समारोह का एक वीडियो फुटेज भी शेयर किया.
मीडिया से बात करते हुए कुलमणि ने आरोप लगाया कि खीरा ने पूर्णामी को दिल्ली के एक व्यक्ति को पैसों के लिए बेच दिया. इसके बाद कुलमणि ने नरला पुलिस में इस बारे में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर खीरा बेरुक को गिरफ्तार कर लिया.
कुलमणि ने कहा कि उन्हें उस व्यक्ति के पते की जानकारी नहीं है जिसे पूर्णामी को बेचा गया है. उन्होंने पुलिस से अपनी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाने का आग्रह किया है.
नरला पुलिस स्टेशन के आईआईसी गंगाधर मेहेरे ने कहा, “हमने आरोपी खीरा बेरुक को गिरफ्तार कर लिया है. हम अभी तक पीड़िता तक नहीं पहुंच पाए है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
