महिला से पुरुष बना शख्स है प्रेग्नेंट, जल्द देगा बच्चे को जन्म
Photo Credit: Instagram/paval19
केरल के कोझिकोड में रह रहे सहद और जिया पावल एक ट्रांसजेंडर कपल है. दोनों इस समय चर्चा में है. दरअसल, सहद और जिया पावल जल्द ही माता-पिता बनने वाले है. आने वाले मार्च के महीने में 23 वर्षीय सहद एक बच्चे को जन्म देंगे. सहद जो एक ट्रांस शख्स है, इस समय गर्भवती है.
यह शायद देश में पहली बार होगा कि कोई ट्रांस शख्स बच्चे को जन्म देगा.
सहद और जिया (एक ट्रांस महिला), पिछले तीन सालों से साथ रह रहे हैं. सहद पेशे से अकाउंटेंट हैं, जबकि जिया डांस टीचर हैं. सहद और जिया – दोनों ने हार्मोन थेरेपी ली है जिससे उनके शरीर में बदलाव आ सके.

जिया ने कहा, “जब हमने तीन साल पहले साथ रहना शुरू किया, तो हमने सोचा कि हमारा जीवन अन्य ट्रांसजेंडरों से अलग होना चाहिए. अधिकांश ट्रांसजेंडर जोड़ों का समाज के साथ-साथ उनके परिवारों द्वारा भी बहिष्कार किया जाता है. हम एक बच्चा चाहते थे ताकि इस दुनिया में हमारे दिन खत्म होने के बाद भी एक व्यक्ति हो.”
इस बीच सहद ने बच्चे के जन्म के बाद पुरुष बनने का फैसला किया है. पुरुष बनने की प्रक्रिया तो पहले ही शुरू हो गई थी. इस प्रक्रिया के दौरान, उनके ‘स्तनों’ को हटा दिया गया था.
जिया ने कहा, “ट्रांस मैन और ट्रांस महिला बनने की हमारी यात्रा जारी रहेगी. मैं अपना हार्मोन उपचार जारी रख रही हूं. डिलीवरी के छह महीने या एक साल बाद सहद भी ट्रांस मैन बनने के लिए अपना ट्रीटमेंट शुरू करा देगी.” बच्चे के जन्म के बाद, जिया एक महिला बनेगी और सहद एक पुरुष. जानकारी के अनुसार, पुरुष बनने की सर्जरी के दौरान सहद के गर्भाशय और कुछ अन्य अंगों को हटाया नहीं गया था.

बच्चे का जन्म कोझिकोड के राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में होगा. जन्म के बाद, बच्चे को स्तनपान कराया नहीं जा सकता. इसके बजाय सहद और जिया – अस्पताल से जुड़े ब्रेस्ट मिल्क बैंक पर निर्भर रहेंगे. दोनों वही से बच्चे के लिए दूध की व्यवस्था करेंगे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
