IRS अधिकारी के घर से मिले तीन शव, हैरान रह गई पुलिस….
सांकेतिक तस्वीर
कोच्चि | कक्कनाड स्थित सेंट्रल एक्साइज स्टाफ क्वार्टर में तीन शव मिलने से हड़कंप मच गया है. ये शव आईआरएस अफसर, उनकी मां और बहन के बताए जा रहे हैं. घर से हिंदी में लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है.
घटना का पता गुरुवार (20 फरवरी) की रात को चला. मृतकों की पहचान जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त मनीष विजय अग्रवाल, उनकी मां शकुंतला और बहन शालिनी के रूप में हुई है. वे मूल रूप से झारखंड के निवासी थे. पुलिस को शक है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला हो सकता है.
पुलिस के मुताबिक, अफसर के परिजनों को उनकी मौत की जानकारी दे दी गई है. उनके परिजनों का इंतजार किया जा रहा है. सुसाइड नोट में विदेश में रह रही बहन को इस घटना के बारे में सूचित करने का आग्रह किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मनीष एक सप्ताह से ऑफिस नहीं जा रहे थे. वह छुट्टी पर थे और गुरुवार को वापस ड्यूटी पर लौटना था. जब वह न तो ऑफिस पहुंचे और न ही उन्होंने फोन कॉल का जवाब दिया तो उनके सहकर्मी उनके घर पहुंचे. यहां मनीष और उनकी बहन के शव फंदे पर लटक रहे थे. वही उनकी मां शकुंतला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला.
केरल पुलिस की जांच टीम ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि मां का शव सफेद कपड़े में लिपटा हुआ था और उनके दोनों ओर फूल रखे हुए थे.
मनीष और शालिनी दोनों ही अविवाहित थे. पुलिस को केवल हिंदी में लिखा एक सुसाइड नोट ही मिल सका हैं जिसमें कहा गया हैं कि उनकी बहन, जो विदेश में है, को सूचित (इस बारे में) किया जाए. केरल पुलिस अधिकारी झारखंड पुलिस के साथ संपर्क में है और वहां से पुलिस अधिकारियों की एक टीम के आने की उम्मीद कर रहे हैं.
मनीष अग्रवाल 2011 बैच के आईआरएस अधिकारी थे और यहां जीएसटी आयुक्त कार्यालय में शीर्ष अधिकारी थे. उनकी बहन शालिनी पिछले कुछ महीनों से अपने भाई और मां के साथ ही रह रही थी.
इंवेस्टीगेशन टीम को शक है कि मां की मौत पहले हुई होगी और हो सकता है कि उनकी हत्या की गई हो. फिलहाल पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
यह परिवार पिछले डेढ़ साल से इस क्वार्टर में रह रहा था और पड़ोसियों से वो सीमित संपर्क रखते थे. पड़ोसियों ने बताया कि मनीष की मां ही कभी-कभी बाहर दिखाई देती थी.
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है. फिलहाल विस्तृत जांच चल रही है.
