मुस्लिम छात्र को प्रोफेसर ने ‘कसाब’ कहकर किया संबोधित, कॉलेज प्रशासन ने उनके पढ़ाने पर लगाई रोक, बैठाई जांच, VIDEO वायरल

Karnataka 3 Collage (1) (1) (1)
The Hindi Post

बेंगलुरू | कर्नाटक में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर ने क्लास रूम में कथित तौर पर एक मुस्लिम छात्र को ‘कसाब’ के रूप में संबोधित किया. इससे बवाल हो गया. छात्रों द्वारा प्रोफेसर के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर विरोध प्रदर्शन किया गया. लोगों में प्रोफेसर के खिलाफ आक्रोश भर गया. उनका मानना था कि ऐसे कैसे एक टीचर अपने मुस्लिम छात्र को आतंकी कह सकता है.

अब कॉलेज के प्रशासन ने प्रोफेसर को क्लास में पढ़ाने से तब तक के लिए वंचित कर दिया है जब तक की जांच जारी है.

यह पूरा मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर 45 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो गया. वीडियो में प्रोफेसर छात्र को आतंकवादी (कसाब) कहते हुए संबोधित कर रहे है. बता दें कि अजमल कसाब 2008 के 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों के दौरान पकड़ा गया पाकिस्तानी आतंकवादी था. बाद में उसे फांसी दे दी गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, कथित तौर पर यह मामला 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों की बरसी पर 26 नवंबर को मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से सामने आया था.

क्लास में एक अन्य छात्र द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में मुस्लिम छात्र को गुस्से में यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मुस्लिम होने के नाते और हर रोज इसका सामना करना मजाक नहीं है.” हालांकि, प्रोफेसर ने माफी मांगते हुए यह कहकर मामला शांत करने की कोशिश की कि वह उनके बेटे की तरह हैं.

लेकिन छात्र ने यह कहते हुए उनकी बात मानने से इनकार कर दिया कि यह मजाक नहीं है. छात्र ने प्रोफेसर से कहा कि क्या आप अपने बेटे से इस तरह बात करेंगे? क्या आप उसे आतंकवादी कहेंगे? इतने लोगों के सामने आप मुझे ऐसा कैसे कह सकते हैं? आप प्रोफेसर हैं और पढ़ा रहे हैं. आप मुझे कसाब नहीं कह सकते.

कॉलेज के अधिकारियों ने सोमवार को कहा है कि मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जांच खत्म होने तक संबंधित स्टाफ को क्लास में पढ़ाने से रोक दिया गया है. हम चाहते हैं कि हर कोई यह जान ले कि संस्थान इस तरह के व्यवहार की निंदा करता है और इस घटना से निर्धारित नीति के अनुसार निपटा जाएगा.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!