बसपा नेता और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का छोटा बेटा गिरफ्तार

Firoz Qureshi (1)
The Hindi Post

मेरठ | उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के छोटे बेटे फिरोज उर्फ भूरा को गाजियाबाद की वसुंधरा कालोनी से गिरफ्तार किया है. याकूब बसपा सरकार में मंत्री थे. भूरा एक एक अपॉर्टमेंट में तीन साथियों के साथ रह रहा था. उसकी सूचना देने पर 25 हजार रुपये का इनाम था. वो पिछले काफी लंबे समय से फरार चल रहा था. पर अब उसकी गिरफ्तारी हो गई है.

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने कहा, “हमें भूरा के बारे में गोपनीय सूचना मिली थी. इस संबंध में हमारी टीम ने गाजियाबाद जिले की वसुंधरा कालोनी के एक अपॉर्टमेंट में छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान हमारी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.”

एसएसपी ने कहा, प्रारंभिक पूछताछ के दौरान फिरोज (भूरा) ने खुलासा किया कि वह इससे पहले प्रयागराज में छिपा था. सर्विलांस के माध्यम से उनकी लोकेशन ट्रेस न हो, इसलिए उसने बार-बार मोबाइल नंबर भी बदले. वह अपने माता-पिता के संपर्क में था.

हापुड़ रोड पर कुरैशी अवैध तरीके से मीट फैक्ट्री का संचालन कर रहा था. 31 मार्च 2022 को छापेमारी कर फैक्ट्री के अंदर से पुलिस ने पांच करोड़ कीमत का 2,000 क्विंटल मीट बरामद किया था. यहां अवैध रूप से मीट की पैकिंग हो रही थी.

इस मामले में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री का लाइसेंस समाप्त होने के बावजूद काम चल रहा था.

मेरठ पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता याकूब कुरैशी की पत्नि और उनके दोनों बेटों समेत 7 पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी.

एसएसपी ने बताया कि अभी तक गैगस्टर एक्ट के तहत तीन को गिरफ्तार किया गया है. अन्य की तलाश में छापेमारी की जारी है.

मेरठ पुलिस ने याकूब कुरैशी की 125 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!