कानपुर में रोड रेज की खौफनाक घटना: बाइक की मामूली टक्कर के बाद पिता-पुत्र की चाकू गोदकर हत्या, दूसरा बेटा गंभीर
प्रतीकात्मक फोटो
कानपुर में रोड रेज की खौफनाक घटना: बाइक की मामूली टक्कर के बाद पिता-पुत्र की चाकू गोदकर हत्या, दूसरा बेटा गंभीर
कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर से रोड रेज (सड़क पर उपजा विवाद) की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गया. बाइक की एक हल्की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी इस कदर बढ़ी कि दबंग युवकों ने एक पिता और उनके दो बेटों पर हेलमेट और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस वीभत्स हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरे बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है. सरेशाम हुई इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे तीनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने दो बेटों—शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित ‘कनक मार्बल’ में काम करते थे. रोज की तरह रविवार शाम को भी काम खत्म करने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर बाईपास के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से उनकी हल्की टक्कर हो गई.
हेलमेट के बाद चाकुओं से ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में दूसरी बाइक पर सवार तीन दबंग युवक अपना आपा खो बैठे. उन्होंने शिवनारायण और उनके बेटों को घेर लिया और पहले उन पर हेलमेट से हमला किया. इससे पहले कि पीड़ित संभल पाते, हमलावरों ने जेब से चाकू निकालकर तीनों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.
सड़क पर बीच-बचाव करने पहुंचे लोग भी हमलावरों का यह हिंसक और आक्रामक रूप देखकर पीछे हट गए. चीख-पुकार के बीच तीनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से भागने लगे.
अस्पताल में पिता और एक बेटे को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को आनन-फानन में हैलट अस्पताल भिजवाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे बेटे सत्यम का इलाज चल रहा है.
एक आरोपी दबोचा गया, अन्य की तलाश जारी
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों में से एक को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
क्या बोले कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ?
“आज दिनांक 24.05.2026 को थाना नौबस्ता क्षेत्रान्तर्गत विराट नगर में रोडरेज की घटना हुई. प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि शिवनारायण त्रिवेदी, शुभम त्रिवेदी एवं सत्यम त्रिवेदी बाइक से अपने कार्यस्थल मार्बल शॉप से वापस जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दूसरी बाइक सवार तीन व्यक्तियों से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिसके उपरांत दोनों पक्षों में विवाद एवं मारपीट हुई, जिसमें धारदार हथियार एवं हेलमेट से हमला किया गया. उक्त घटना में शिवनारायण त्रिवेदी एवं शुभम त्रिवेदी गम्भीर रूप से घायल हो गए जिनकी हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि सत्यम त्रिवेदी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है. घटना के संबंध में एक अभियुक्त को मौके पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उक्त घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तगणों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है.”
Hindi Post Dot In
