कानपुर: 3 साल के इकलौते बेटे को पत्नी और बेटियों के सामने मार डाला, आरोपी पिता गिरफ्तार
संत राम प्रजापति - फोटो - हिंदी पोस्ट
कानपुर: घाटमपुर में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसमें पिता ने अपने 3 साल के इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी| पिता बच्चे के लगातार रोने से काफी गुस्से में था | जिसके बाद उसने पत्नी और दो बेटियों के सामने ही बच्चे को खूब मारा और उसकी हत्या कर दी| इस दौरान बहनों ने अपने छोटे भाई को बचाने का प्रयास किया तो पिता ने उन्हें भी पीटा| इसके बाद बच्चे का शव लेकर वह भाग निकला| घाटमपुर पुलिस ने आरोपी पिता को हमीरपुर से गिरफ्तार कर लिया है | साथ ही बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है|
मूल रूप से हमीरपुर के छानी खुर्द गांव का रहने वाला संत राम प्रजापति घाटमपुर में मूसानगर रोड के पास एक ईंट के भट्टे में मजदूरी करता था| यहां वह अपनी पत्नी अनीता, दो बेटियों और 3 साल के बेटे रविंद्र के साथ एक झोपड़ी में ही रहता था| बताते हैं कि बेटा रविंद्र मंगलवार को किसी बात को लेकर बिस्तर पर काफी रो रहा था| इससे गुस्से में आए संतराम ने पहले तो बेटे को मारना शुरू कर दिया| उसके बाद उसकी हत्या कर दी| पत्नी अनीता और दोनों बेटियां बच्चे को बचाने के लिए संतराम से मिन्नतें करती रही, लेकिन संतराम के तो जैसे सिर पर खून सवार था|

