झारखंड: रोपवे हादसे में केबल कारों का आपस में टकराने का वीडियो सामने आया

Deoghar
The Hindi Post

झारखंड के देवघर जिले में रविवार को त्रिकूट पहाड़ के रोपवे पर केबल कारों के आपस में टकराने के समय का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में देखा जा सकता है घटना कैसे हुई. केबल कारों के आपस में टकराने पर चीख-पुकार मच जाती है.

यह वीडियो किसी यात्री के द्वारा बनाया गया है जो हादसे के समय केबल कार में ही था. पहले तो सब ठीक लग रहा था पर थोड़ी ही देर में एक तेज आवाज आती है और ऐसा लगता है कि जोर का झटका लगा है. इसके बाद, एक व्यक्ति को रोते हुए सुना जा सकता है.

विज्ञापन
विज्ञापन

आपको बताते चले कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने मंगलवार को कहा था कि उसने एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और सेना के साथ मिलकर झारखंड के देवघर जिले में त्रिकूट हिल्स रोपवे सर्विस में फंसे लोगों को निकालने का काम पूरा कर लिया है. इस रेस्क्यू अभियान के लिए चारो ओर बचाव दल की तारीफ हो रही है.

वायु सेना ने इस प्रयास के लिए 26 घंटे से अधिक समय तक उड़ान भरने के लिए दो मी-17वी5, एक मी-17, एक उन्नत लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) और एक चीता हेलीकॉप्टर का उपयोग किया था. बयान के अनुसार, सोमवार तड़के बचाव अभियान में शामिल होने के बाद, वायु सेना ने एक ऑपरेशन की तैयारी के लिए एक प्रारंभिक रेकी की, जिसमें अनूठी चुनौतियां थीं.

दल में भारतीय वायुसेना के पांच गरुड़ कमांडो शामिल थे, जिनके पास केबल कार की फंसी हुई ट्रॉलियों पर चढ़ने का चुनौतीपूर्ण काम था. इस दौरान फंसे हुए लोगों को ट्रालियों से निकालकर ऊपर मंडरा रहे हेलीकॉप्टर तक ले जाने की प्रक्रिया बड़ी ही जटिल और खतरनाक रही.

छोटे बच्चों को गरुड़ कमांडो स्वयं लेकर हेलीकॉप्टर तक गए. पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं की स्थिति में हेलीकॉप्टर चालक दल को भी अपने सामने आई चुनौतियों का सामना करना पड़ा.

चालक दल अपना कार्य करने के लिए एक ट्रॉली से दूसरी ट्रॉली में गए, जो कि चालक दल के लिए भी उतना ही जोखिम भरा था, जितना कि फंसे हुए लोगों के लिए.

विज्ञापन
विज्ञापन

दो दिनों तक चले इस ऑपरेशन में दो दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं भी हुईं, जिनमें सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, जानें चली गईं. आईएएफ के संपूर्ण प्रयासों के बावजूद स्वाभाविक रूप से कठिन परिस्थिति के कारण फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित रूप से नहीं बचाया जा सका.

बयान में कहा गया, “भारतीय वायुसेना को इन दो लोगों की मौत पर गहरा खेद है और हम उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भारतीय वायुसेना हमेशा और हर समय हमारे नागरिकों को सहायता, बचाव और राहत प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!