ईरान पर इजरायल के अटैक के बीच भारत ने जारी की ‘अर्जेंट एडवाइजरी’, अपने नागरिकों से कही यह बात

IRAN ATTACK

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | इजरायल और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच, तेल अवीव (इजराइल का एक शहर) में भारतीय दूतावास ने देश में मौजूद भारतीय नागरिकों को एक ‘अर्जेंट एडवाइजरी’ जारी की है. इस एडवाइजरी में यहां रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, गैर-जरूरी आवाजाही से बचने और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

यह सलाह शुक्रवार सुबह इजरायल के ईरान पर बड़े हवाई हमले करने के बाद आई है. इससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की चिंता बढ़ गई है. इजरायल ने ऑपरेशन को ‘नेशन ऑफ लायंस’ नाम दिया है.

भारतीय मिशन ने इजरायल में रह रहे या यात्रा करने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को सावधान रहने को कहा है.

इजरायल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “इस क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए, इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड के बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है. कृपया सावधानी बरतें, देश (इजराइल) में अनावश्यक यात्रा से बचें और सेफ्टी शेल्टर के करीब रहें.”

दूतावास ने भारतीय नागरिकों से ऑफिशियल चैनल्स के माध्यम से अपडेट लेते रहने के लिए कहा है. यह भी कहा गया है किसी भी आपात स्थिति में भारतीय मिशन के संपर्क में रहे.

यह सलाह इजरायल के ईरान पर ‘प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक’ (अचानक किया गया हमला) करने के बाद जारी की गई है. स्थिति अभी भी अस्थिर है. तेहरान में कई विस्फोट हुए है. समूचे इजरायल में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं.

एक बयान में इजरायल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले की पुष्टि की है. उन्होंने इसे ‘इजरायल के अस्तित्व के लिए जरूरी और ईरानी खतरे को कम करने को लेकर किया गया ‘टार्गेटेड सैन्य अभियान’ बताया है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!